एसएसबी जवानों ने सड़क हादसे में घायल 13 वर्षीय बालक को पहुंचाई तत्काल मदद, पेश की मानवता की मिसाल
62वीं वाहिनी के जवानों ने घटनास्थल से घायल बालक को एमआई रूम पहुंचाकर कराया प्राथमिक उपचार, बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा
भिनगा। सड़क दुर्घटना में घायल एक 13 वर्षीय बालक की मदद कर 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा के जवानों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। जवानों की तत्परता से घायल बालक को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। 21 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:20 बजे 62वीं वाहिनी के आरपी गेट संख्या-3 के सामने बहराइच से भिनगा आने वाली सड़क पर ऑटो रिक्शा संख्या UP48T-5762 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में करीब 13 वर्षीय सुमित, पिता विद्यराम, निवासी ठठिया, पोस्ट एवं थाना भिनगा, जिला श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) घायल हो गया। दुर्घटना के समय बालक अपने भाई के साथ था। घटना की सूचना आरपी गेट पर गार्ड कमांडर के रूप में तैनात मुख्य आरक्षी (सामान्य) नसीम अहमद ने मोबाइल के माध्यम से सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) नवान्ग संग्रूप को दी। सूचना मिलते ही निरीक्षक (सामान्य) मृत्युंजय कुमार एवं मुख्य आरक्षी (सामान्य) कर्णाकर टी. तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बालक को उसके भाई के साथ वाहिनी मुख्यालय स्थित एमआई रूम में पहुंचाया। वहां कांस्टेबल (नर्सिंग ऑर्डर्ली) महिला मौसमी पॉल ने बालक को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उसे जिला अस्पताल, भिनगा भेज दिया गया। एसएसबी जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता और जनसेवा के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




