LIC में 100% FDI के खिलाफ बीमा कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, बेरमो अधिवेशन में केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध
बेरमो। बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की सीमा 100 प्रतिशत करने और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के विनिवेश के विरोध में बीमा कर्मचारी संघ ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की है। शनिवार को बेरमो के सुभाष नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल का 33वां मंडलीय अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें सार्वजनिक बीमा क्षेत्र की मजबूती, कर्मचारियों की नियुक्ति और बीमाधारकों के हितों को लेकर चर्चा हुई।
अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज महापात्रा ने अधिवेशन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र में एफडीआई की सीमा 74 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत करना देश और बीमाधारकों के हित में नहीं है। उन्होंने LIC में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की कमी पर चिंता जताते हुए रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति शुरू करने की मांग की।
कर्मचारियों की कमी से बढ़ रहा काम का दबाव
अधिवेशन में महासचिव जगदीश चंद्र मित्तल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने निजीकरण, विनिवेश और नई श्रम संहिताओं को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
मित्तल ने कहा कि LIC की पॉलिसियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, लेकिन कर्मचारियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। इससे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।
हेमंत मिश्रा बने अध्यक्ष, जगदीश मित्तल महासचिव
अधिवेशन के दौरान नई मंडलीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें हेमंत कुमार मिश्रा को अध्यक्ष और जगदीश चंद्र मित्तल को महासचिव चुना गया। वहीं रामायण गुप्ता को उपाध्यक्ष तथा विजय कुमार चौबे को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिवेशन में बड़ी संख्या में बीमा कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने सार्वजनिक बीमा क्षेत्र की मजबूती, रोजगार के अवसरों और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठनात्मक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




