विधानसभा स्थापना दिवस पर CM हेमंत सोरेन का बड़ा संदेश, बोले- 2050 के झारखंड को ध्यान में रखकर बना रहे विकास की योजनाएं

रांची। झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक, पूर्व विधायकों, विधानसभा के कर्मियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

Nov 22, 2026 - 17:55
Nov 22, 2026 - 17:59

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जहां राज्य के आम लोगों के हित में फैसले लिए जाते हैं। इसकी गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।

2050 के झारखंड को ध्यान में रखकर बन रही योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर काम कर रही है। आने वाले समय में राज्य विकास के किन नए आयामों को हासिल करेगा और अगली पीढ़ी के लिए कैसी व्यवस्था तैयार होगी, इन सभी पहलुओं पर सरकार काम कर रही है। हमारा प्रयास झारखंड को विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य बनाना है।

झारखंड की योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए बन रही हैं नजीर

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश में अलग पहचान बनाई है। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार के कार्यों की दूसरे राज्यों में भी चर्चा हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए।

निरल पूर्ति को मिला उत्कृष्ट विधायक सम्मान

स्थापना दिवस समारोह में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को इस वर्ष का उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा विधानसभा के पूर्व सदस्यों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिला।

'उड़ान' पत्रिका का विमोचन, पुस्तक का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका 'उड़ान' का विमोचन किया गया। साथ ही 'विधानमंडल का व्याकरण' पुस्तक का लोकार्पण भी हुआ।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधानसभा प्रभारी सचिव रंजीत कुमार समेत विधायक, पूर्व विधायक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0