इफको के रबी कार्यशाला सह ‘खेत बचाओ अभियान’ में रसायन-मुक्त एवं प्राकृतिक खेती अपनाने पर विधायक ने दिया जोर
इफको झारखंड ने नगड़ी प्रखंड में रबी कार्यशाला सह ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया ।
कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), मोराबादी, रांची एवं आत्मा, नगड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आज नगड़ी प्रखंड में रबी कार्यशाला सह ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, खेत की तैयारी, बीज उपचार, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा वैज्ञानिक खेती की जानकारी देना था। साथ ही मिट्टी के स्वास्थ्य एवं उर्वरा शक्ति का संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अनियंत्रित प्रयोग को कम करना तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक श्री नवीन जायसवाल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त श्रीमती पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य, नगड़ी; श्री मधुरा कच्छप, प्रखंड प्रमुख; श्रीमती चूड़ामणि महतो, समाजसेवी; श्री रितेश महतो, अध्यक्ष; श्री बजरंग महतो, अध्यक्ष, प्रखंड सलाहकार समिति; प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM), IFFCO के क्षेत्र अधिकारी श्री सुशील कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुल 100 प्रतिभागियों ने भाग लिये थे।
विधायक श्री नवीन जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज खेती में रासायनिक कीटनाशकों एवं उर्वरकों का अंधाधुंध प्रयोग एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के अनावश्यक उपयोग को कम करने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने रसायन-मुक्त एवं सुरक्षित खाद्य उत्पादन को समय की आवश्यकता बताया।
उन्होंने कहा कि नगड़ी प्रखंड में झारखंड उच्च न्यायालय एवं विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। ऐसे में हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि अपने प्रखंड में अच्छी, उन्नत एवं रसायन-मुक्त खेती को बढ़ावा देकर इसे कृषि के क्षेत्र में अग्रणी एवं समृद्ध बनाएं। इस दिशा में जो भी आवश्यक प्रयास करने होंगे, वे करने के लिए तत्पर हैं।
इस अवसर पर विधायक महोदय द्वारा किसानों के बीच CFLD रबी दलहन कार्यक्रम के अंतर्गत चना की उन्नत किस्म ‘पूसा 3043’ के बीज का वितरण भी किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची के कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा परीक्षण, मिट्टी के स्वास्थ्य एवं उर्वरा शक्ति के संरक्षण, दलहन एवं तिलहन फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों के संतुलित प्रयोग तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।
IFFCO के प्रतिनिधि श्री सुशील कुमार ने किसानों को हरी खाद, ट्राइकोडर्मा, PSB (फॉस्फेट घुलनशील जीवाणु), जीवामृत एवं बीजामृत के निर्माण, उपयोग एवं कृषि में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कृषि कार्यों की सराहना एवं उपलब्धियां
माननीय विधायक श्री नवीन जायसवाल ने कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची एवं कृषि विभाग के BTM के समन्वय से संचालित कृषि कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को समय पर सरसों का उन्नत बीज उपलब्ध कराने एवं लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में सरसों की बुवाई समय पर पूरी कराने के प्रयास की प्रशंसा की।
नगड़ी प्रखंड में कृषि विज्ञान केंद्र एवं आत्मा, नगड़ी के सहयोग से रबी मौसम में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में सरसों की उन्नत किस्म ‘बिरसा भाभा मस्टर्ड-1’ तथा लगभग 75 एकड़ क्षेत्र में चना की उन्नत किस्म ‘पूसा 3043’ का प्रत्यक्षण कराया जा रहा है। इस प्रकार कुल 175 एकड़ क्षेत्र में दलहन एवं तिलहन फसलों के उन्नत उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, मिट्टी के स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं कृषि से जुड़े विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षित खाद्य उत्पादन, रसायनों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विस्तार तथा नगड़ी प्रखंड को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




