झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: 11 जिलों में विकास योजनाओं की धूम, 2 लाख से अधिक लोगों ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 20 नवंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी गई और किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराई गई। वहीं, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिला।
रांची।
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 20 नवंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी गई और किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराई गई। वहीं, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिला।
आवास योजनाओं से सैकड़ों परिवारों को मिला अपना घर
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। चतरा में 98, गोड्डा में 261 और जमशेदपुर के बहरागोड़ा एवं गुड़ाबांदा में 110 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। लातेहार में भी प्रधानमंत्री आवास के 26, अबुआ आवास के 57 और पीएम-जनमन के पांच आवासों का गृह प्रवेश कराया गया।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद
महिला सशक्तीकरण के तहत जेएसएलपीएस के माध्यम से सखी मंडलों को आर्थिक सहायता और आजीविका के संसाधन उपलब्ध कराए गए। जमशेदपुर में मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत बहरागोड़ा के आठ और गुड़ाबांदा के 37 लाभुकों को आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, रांची में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पांच दीदियों को कुल पांच लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।
किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी
रांची, लातेहार, खूंटी और दुमका में कृषि कार्यशाला, कृषि मेला और खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को उन्नत खेती, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई की जानकारी दी गई। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
खेल और संस्कृति को मिला बढ़ावा
राज्य के विभिन्न जिलों में फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, वॉलीबॉल सहित पारंपरिक जनजातीय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सिमडेगा में गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिता तथा खूंटी में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय कला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
2 लाख से अधिक लोगों ने लिया स्वच्छता अभियान में हिस्सा
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई तथा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस के तहत राज्यभर में कुल 2,01,384 लोगों ने भागीदारी निभाई।
इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के तहत दिव्यांग शिविर, रक्तदान शिविर, विज्ञान मॉडल, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गढ़वा में सड़क निर्माण का शिलान्यास हुआ, जबकि चतरा में दुधारू गाय मेला एवं प्रदर्शनी के दौरान पांच लाभुकों के बीच गायों का वितरण किया गया।
सरकार के अनुसार, स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, खेल और सामाजिक कल्याण की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




