स्थापना दिवस पखवाड़ा: झारखंड में जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण पर जोर, 1.85 लाख लोगों ने लिया हिस्सा

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को रांची समेत विभिन्न जिलों में महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आवास, कृषि और खेलकूद से जुड़ी गतिविधियां आयोजित हुईं।

Nov 21, 2026 - 20:19
स्थापना दिवस पखवाड़ा: झारखंड में जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण पर जोर, 1.85 लाख लोगों ने लिया हिस्सा

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को रांची समेत विभिन्न जिलों में महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, आवास, कृषि और खेलकूद से जुड़ी गतिविधियां आयोजित हुईं।

महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत

रांची में JSLPS के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की पहल की गई। सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं, जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया।

जमशेदपुर के मुसाबनी और डुमरिया में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं लाभुकों को दो कार्यक्रमों में क्रमशः 1.26 करोड़ और 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों के बीच गेहूं, चना और सरसों के बीज वितरित किए गए।

1.85 लाख से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया गया। इसके तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण और मातृत्व योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इन गतिविधियों में 1,85,070 लोगों ने भाग लिया। लोहरदगा में भी 5,127 लोगों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों में हिस्सा लिया।

इसके अलावा विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया।

65 परिवारों को मिला अपना घर

विभिन्न जिलों में आवास योजनाओं के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। कोडरमा में 65 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। हजारीबाग में पीएम आवास ग्रामीण, पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को घर की चाबी सौंपी गई।

682 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान खेल प्रतिभाओं को भी मंच दिया गया। कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। गिरिडीह में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता शुरू हुई, जबकि दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई।

गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों में लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

इसके अलावा जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली, लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान, चतरा में पेंशन एवं राजस्व शिविर और सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जारी ये कार्यक्रम जनभागीदारी के जरिए सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर झारखंड के लक्ष्य को मजबूती देने की दिशा में आयोजित किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0