IITF-2026 में झारखंड की मोती खेती का जलवा, एक सीप में तैयार हो सकते हैं 7-8 मोती
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन अपनी अनूठी पहचान बना रहा है। यहां राज्य की मत्स्य पालन तकनीक, मोती की खेती और वन उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खास आकर्षण झारखंड में तेजी से विकसित हो रही मोती की खेती है, जो ग्रामीणों के लिए रोजगार और आमदनी का नया जरिया बन सकती है।
हजारीबाग बना मोती पालन का विशेष क्लस्टर, महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियां भी दिल्ली में बटोर रहीं सुर्खियां
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन अपनी अनूठी पहचान बना रहा है। यहां राज्य की मत्स्य पालन तकनीक, मोती की खेती और वन उत्पादों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। खास आकर्षण झारखंड में तेजी से विकसित हो रही मोती की खेती है, जो ग्रामीणों के लिए रोजगार और आमदनी का नया जरिया बन सकती है।
एक सीप में तैयार होंगे 7 से 8 मोती
झारखंड सरकार पारंपरिक मत्स्य पालन के साथ आधुनिक तकनीकों को भी बढ़ावा दे रही है। इसके तहत बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
झारखंड पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने मोती की खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार की ओर से मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है। यहां बड़े पैमाने पर मोती उत्पादन का काम हो रहा है। भविष्य में यहां अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है।
उन्होंने बताया कि अब पारंपरिक तकनीक के अलावा मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तकनीक से एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं। इसमें बाहरी न्यूक्लियस का उपयोग नहीं होता। इससे प्राप्त मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होने की जानकारी भी दी गई।
महिलाओं और युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
राज्य सरकार मत्स्य पालन को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। महिलाओं और युवाओं को मछली बिक्री किट के साथ तीन और चार पहिया वाहनों का वितरण कर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा जलाशयों का विकास, खदानों में मत्स्य पालन और मछुआरों के लिए बीमा सुरक्षा योजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियों ने खींचा ध्यान
झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे पारंपरिक वन उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
स्टॉल पर लाख से बनी आकर्षक चूड़ियां और कंगन के साथ महुआ के लड्डू लोगों को खास तौर पर पसंद आ रहे हैं। इन उत्पादों के जरिए झारखंड की समृद्ध वन संपदा, स्थानीय हस्तकला और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
IITF-2026 में झारखंड की ये प्रस्तुतियां दिखा रही हैं कि आधुनिक तकनीक, पारंपरिक संसाधनों और स्थानीय हुनर के मेल से राज्य में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की बड़ी संभावनाएं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




