स्थापना दिवस पखवाड़ा: रांची की 305 पंचायतों में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर, 1,216 बकरियों का टीकाकरण
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, नशामुक्ति और कृषि विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जांच शिविर लगाए गए, जबकि विभिन्न प्रखंडों में 1,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं, आजीविका और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, नशामुक्ति और कृषि विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जांच शिविर लगाए गए, जबकि विभिन्न प्रखंडों में 1,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं, आजीविका और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
305 पंचायतों में स्वास्थ्य जांच शिविर
पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किए गए। इनमें ग्रामीणों के रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन की जांच की गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छ जीवनशैली को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया।
वहीं जिले की सभी 18 पंचायत समितियों में पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी और महतो सहित पारंपरिक पदधारकों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक अगुवाओं को सम्मानित किया गया।
किसानों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण
इटकी प्रखंड में जिला उद्यान कार्यालय की ओर से किसानों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स, मधुमक्खियों सहित हाइव, शहद निकालने की मशीन और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
1,216 बकरियों का टीकाकरण
JSLPS की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में पशुधन स्वास्थ्य संरक्षण के लिए बकरियों का डीवर्मिंग और टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत कुल 1,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। इससे पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने और पशुपालन आधारित ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
महिलाओं को मिला शेयर प्रमाणपत्र
नगड़ी प्रखंड में नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की ओर से स्वयं सहायता समूहों (SHG) की शेयरधारक महिलाओं के बीच शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसका उद्देश्य महिलाओं की सामुदायिक संस्थाओं में भागीदारी और स्वामित्व की भावना को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा जेंडर समानता, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति को लेकर रैली एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी हुई। महिलाओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और गर्भावस्था के दौरान देखभाल की जानकारी दी गई।
1,425 लाभार्थियों का e-KYC पूरा
स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 95 SHG कट-ऑफ और 42 ग्राम संगठन ट्रांजैक्शन शिविर लगाए गए। वहीं आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।
नागपुरी गीतों से गूंजा ऑड्रे हाउस
स्थापना दिवस के अवसर पर ऑड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन जिला स्तरीय नागपुरी गीत प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें रांची के विभिन्न क्षेत्रों और स्कूलों से आए बच्चों ने नागपुरी और क्षेत्रीय भाषाओं में गीत एवं वाद्य संगीत की प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में नागपुरी पुरोधा शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




