पाकुड़ में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत, 25 साल में पहली बार समय पर मिला बीज; रबी कर्मशाला में जुटे किसान

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पाकुड़ में खेत बचाओ अभियान सह जिला स्तरीय रबी कर्मशाला आयोजित हुई। डीसी मेघा भारद्वाज ने किसानों को आधुनिक खेती, मृदा संरक्षण और फसल बीमा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

Nov 23, 2026 - 16:40
पाकुड़ में खेत बचाओ अभियान की शुरुआत, 25 साल में पहली बार समय पर मिला बीज; रबी कर्मशाला में जुटे किसान

पाकुड़: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पाकुड़ में खेत बचाओ अभियान सह जिला स्तरीय रबी कर्मशाला 2026-27 का आयोजन किया गया। रविन्द्र भवन टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, मृदा संरक्षण, फसल बीमा और कृषि आधारित आजीविका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज सहित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कर्मशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में समय पर बीज उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पिछले 25 वर्षों में पहली बार किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराया गया है, जिससे किसानों में खुशी देखी जा रही है।

खेती को लाभकारी बनाने पर जोर

किसानों को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि किसान समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके परिश्रम से ही खेतों में अनाज पैदा होता है और हर व्यक्ति तक भोजन पहुंचता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

उपायुक्त ने किसानों को धान और गेहूं के साथ मोटे अनाज (मिलेट), सब्जी उत्पादन, मिश्रित खेती और जैविक खेती को भी अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एकीकृत कीट प्रबंधन जैसी तकनीकों से फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है और किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है।

फसल बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश

उपायुक्त ने जिले में फसल बीमा के प्रति किसानों की कम भागीदारी पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और मौसम की अनिश्चितता के बीच फसल बीमा किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर फसल बीमा कराने की अपील भी की।

मिट्टी की उर्वरता बचाना भी जरूरी

मेघा भारद्वाज ने कहा कि पाकुड़ जिले में कृषि की अपार संभावनाएं हैं। किसानों की आय बढ़ाने के साथ मिट्टी की उर्वरता और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना भी जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए कृषि भूमि की गुणवत्ता बनी रहे।

उन्होंने किसानों से अपने अनुभव, सुझाव और नए कृषि नवाचार साझा करने की अपील की। साथ ही नई खाद्य एवं नकदी फसलों की खेती को लेकर भी विचार सामने रखने को कहा, ताकि किसानों की सहभागिता से जिले में कृषि विकास को नई दिशा मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0