खूंटी में महिला थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, केस से नाम हटाने के बदले मांगी थी 4.5 लाख रुपये की रिश्वत

Jul 30, 2026 - 18:03
खूंटी में महिला थाना प्रभारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, केस से नाम हटाने के बदले मांगी थी 4.5 लाख रुपये की रिश्वत

KHUNTI : खूंटी में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए AHTU सह महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. एसीबी की ट्रैप टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को की. आरोपी थाना प्रभारी पर एक केस से नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था.

खूंटी के श्याम कुमार ने दर्ज कराई थी शिकायत

एसीबी के मुताबिक खूंटी के रहने वाले श्याम कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खिलाफ AHTU थाना में दर्ज मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से जुड़े मामले में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप था कि केस से नाम हटाने के लिए थाना प्रभारी सपना सुलेखा ने कुल 4.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई.

रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई. तय रणनीति के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त थाना प्रभारी को दी, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

खूंटी जिले में रिश्वत लेते पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी एसीबी कई पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई कर चुकी है. वर्ष 2021 में तत्कालीन महिला थाना प्रभारी मीरा सिंह, उसके बाद तपकारा थाना के तत्कालीन प्रभारी विक्की ठाकुर और 9 जनवरी 2024 को खूंटी थाना में पदस्थापित दारोगा श्रीकांत को भी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था. अब सपना सुलेखा चौथी पुलिस पदाधिकारी हैं जो रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़ी हैं. बता दें कि सुलेखा कुमारी रांची के कोतवाली और आरगोड़ा थाना में भी पदस्थापित रह चुकी हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0