पितृपक्ष मेला को लेकर गया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, मंडल सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ की समन्वय बैठक
गयाजी। पितृपक्ष मेला-2026 के मद्देनजर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा गया रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसी क्रम में डीडीयू मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने गया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज, यात्री आवागमन क्षेत्र तथा भीड़ नियंत्रण के लिए चिन्हित स्थानों का जायजा लिया। पितृपक्ष मेला के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मंडल सुरक्षा आयुक्त ने मौके पर मौजूद आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, जीआरपी थाना अध्यक्ष शिव कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त गया संजय सिंह तथा सीआईबी इंस्पेक्टर चंदन कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ड्यूटी व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर निगरानी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
मेला अवधि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा मंडल सुरक्षा आयुक्त ने एसपी सिटी के साथ समन्वय बैठक भी की। बैठक में पितृपक्ष मेला के दौरान गया शहर और रेलवे स्टेशन पर संभावित श्रद्धालु भीड़, यातायात व्यवस्था, स्टेशन के आसपास भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और रेलवे परिसर की सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस और प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही महत्वपूर्ण सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मंडल सुरक्षा आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा बल के जवानों को पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान पूरी तत्परता, सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।