Jharkhand News : 5 करोड़ दो...वरना जान से मार देंगे!, डॉक्टर को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Aug 27, 2026 - 16:11
Jharkhand News : 5 करोड़ दो...वरना जान से मार देंगे!, डॉक्टर को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

RANCHI : रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक डॉक्टर से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले अपराधी को गिरफ्तार किया गया है. मामले को लेकर डॉक्टर ने अरगोड़ा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी.

क्या है पूरा मामला

अरगोड़ा थाना पुलिस ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी दीपक कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया है. रांची के हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए लगातार रंगदारी की मांग कर रहा था. मामले में पुलिस ने इस्तेमाल किए गए मोबाइल सिम को भी बरामद किया है.

हटिया डीएसपी के अनुसार अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में बताया गया कि मोबाइल नंबर 9199404559 से 29 जुलाई से लगातार पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी. साथ ही रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी.

शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 224/2026 दर्ज किया गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 308(5), 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने धमकी और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता की पहचान की और कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दीपक कुमार दास (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया.

डॉक्टर की जमीन पर थी नजर

हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि एफआईआर दर्ज करवाने वाले डॉक्टर की रांची के इलाके में बड़ी जमीन है. आरोपी दीपक कुमार दास भी जमीन का कारोबारी है. डॉक्टर अपनी जमीन को बेच रहे थे. उसी जमीन के एवज में दीपक कुमार दास डॉक्टर से रंगदारी की डिमांड कर रहा था. डॉक्टर द्वारा इनकार करने पर उसने 5 करोड़ की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी.

लोहरदगा का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से लोहरदगा जिले के न्यू बस स्टैंड साइडिंग का रहने वाला है और वर्तमान में रांची के आईटीआई रोड, बस स्टैंड के पास पानी टंकी के नजदीक किराए पर रह रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया सिम बरामद किया है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0