MMDR कानून पर केंद्र से आर-पार के मूड में हेमंत सरकार, विधानसभा में प्रस्ताव पारित; अब सुप्रीम कोर्ट जाएगी झारखंड सरकार
रांची: झारखंड में खनिज संपदा और उससे मिलने वाले राजस्व को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच टकराव तेज हो गया है। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 (MMDR Act) को लेकर झारखंड सरकार ने अब कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार इस कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। इसके लिए विधि विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है।
रांची: झारखंड में खनिज संपदा और उससे मिलने वाले राजस्व को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच टकराव तेज हो गया है। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 (MMDR Act) को लेकर झारखंड सरकार ने अब कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार इस कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। इसके लिए विधि विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है।
झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को खनिज कानून को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार के संशोधित MMDR कानून के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। विपक्ष के बहिष्कार के बीच यह संकल्प ध्वनिमत से पारित हो गया। इसके जरिए केंद्र सरकार से संशोधन कानून पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग की गई।
हर साल 13 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में कहा कि केंद्र सरकार के नए संशोधन से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। उनका कहना है कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपन्न राज्यों में शामिल है, लेकिन खनन गतिविधियों का सबसे अधिक दुष्प्रभाव यहां के स्थानीय लोगों, विशेषकर आदिवासी और अन्य वंचित समुदायों पर पड़ता है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए किया जाना चाहिए। नए कानून से राज्य के वित्तीय अधिकार प्रभावित होंगे और इसका असर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर पड़ सकता है।
क्या है MMDR कानून को लेकर विवाद?
दरअसल, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 अधिसूचित किया था। झारखंड सरकार को इस संशोधन के प्रावधानों पर आपत्ति है। राज्य सरकार का कहना है कि नए कानून से खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर राज्यों की ओर से टैक्स, सेस और अन्य उपकर लगाने की शक्तियां सीमित हो गई हैं। साथ ही पहले से लगाए गए उपकर की बकाया राशि की वसूली पर भी असर पड़ेगा।
झारखंड सरकार का तर्क है कि राज्य ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024 लागू किया था। इसके माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए राजस्व जुटाने की व्यवस्था की गई थी। केंद्र के नए संशोधन से इस व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार के दावे पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार के 13 हजार करोड़ रुपये के नुकसान के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व में राज्यों की हिस्सेदारी पहले की तुलना में बढ़ी है। उन्होंने सरकार से राजस्व के आंकड़े सार्वजनिक करने और श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार अपनी वित्तीय और प्रशासनिक विफलताओं का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रही है। इस मुद्दे को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
अब सुप्रीम कोर्ट में होगी कानूनी लड़ाई
विधानसभा में राजकीय संकल्प पारित होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कर दिया है कि सरकार इस मुद्दे को केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं रखेगी। राज्य सरकार अब संशोधित MMDR कानून को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।
इस तरह खनिज राजस्व और राज्यों के अधिकारों को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार के बीच विवाद अब कानूनी मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट में राज्य सरकार की ओर से उठाए जाने वाले कदम पर सभी की नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0






