MMDR एक्ट पर झारखंड सरकार की आपत्ति, हेमंत सोरेन बोले- राज्य के खनिज राजस्व पर नहीं चलेगा केंद्र का एकाधिकार
रांची: झारखंड के खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व और राज्यों के वित्तीय अधिकारों को लेकर केंद्र और राज्य के बीच टकराव का मुद्दा विधानसभा तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 यानी MMDR एक्ट पर पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा के विशेष सत्र में इस संबंध में राजकीय संकल्प पेश किया।
रांची: झारखंड के खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व और राज्यों के वित्तीय अधिकारों को लेकर केंद्र और राज्य के बीच टकराव का मुद्दा विधानसभा तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 यानी MMDR एक्ट पर पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा के विशेष सत्र में इस संबंध में राजकीय संकल्प पेश किया।
राज्य सरकार ने आशंका जताई है कि केंद्र के नए कानून से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। सरकार का कहना है कि इस संशोधन से राज्यों के खनिज अधिकारों और वित्तीय शक्तियों पर असर पड़ेगा। साथ ही, खनन प्रभावित इलाकों में चल रही विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधन भी कम हो सकते हैं।
खनन झारखंड की अर्थव्यवस्था का अहम आधार
सदन में संकल्प पेश करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खनन झारखंड की आत्मा के समान है। उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य और देश को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए ही विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है। इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वयं सदन में राजकीय संकल्प पेश किया और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष से सार्थक चर्चा की अपील की।
क्या है राज्य सरकार की मुख्य आपत्ति?
राजकीय संकल्प के अनुसार, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को MMDR संशोधन अधिनियम अधिसूचित किया था। राज्य सरकार का कहना है कि इस कानून के जरिए खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर तथा सेस लगाने की राज्यों की शक्तियों को सीमित किया गया है। इतना ही नहीं, पहले से लागू ऐसे करों की बकाया और वसूली नहीं हुई राशि से जुड़े दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।
झारखंड सरकार का तर्क है कि इससे राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता प्रभावित होगी और खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व पर उनका अधिकार कमजोर पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी दिया हवाला
मुख्यमंत्री की ओर से पेश संकल्प में जुलाई 2024 के सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले का उल्लेख किया गया है। मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले में शीर्ष अदालत ने कहा था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि की श्रेणी में आती है। संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्यों को ऐसी भूमि पर कर या उपकर लगाने का अधिकार है।
इसी फैसले के बाद झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक, 2024 पारित किया था, जिसे बाद में कानून का रूप दिया गया।
13 हजार करोड़ के राजस्व का दिया गया हवाला
राज्य सरकार के मुताबिक, झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस कानून से राज्य को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। इस राशि का उपयोग खनन प्रभावित समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि केंद्रीय संशोधन लागू होने से इस आय पर असर पड़ सकता है।
आदिवासी और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर चिंता
संकल्प में यह भी कहा गया है कि झारखंड के कई खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोग रहते हैं। खनन गतिविधियों के कारण इन समुदायों को विस्थापन, जमीन से बेदखली और पर्यावरणीय नुकसान जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
राज्य सरकार का मानना है कि खनिज संसाधनों से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग इन समुदायों के उत्थान के लिए किया जाना जरूरी है। यदि राजस्व में कमी आती है, तो शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
केंद्र को भेजा जाएगा विधानसभा का संकल्प
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के 23 नवंबर 2026 के संकल्प संख्या-2671 को सदन की सहमति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजने का प्रस्ताव रखा। इसके माध्यम से MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 पर पुनर्विचार करने अथवा इसे वापस लेने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री के संकल्प पेश करने के बाद विधानसभा में इस पर चर्चा शुरू हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




