झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: आवास, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में दिखी विकास की रफ्तार, हजारों परिवारों को मिला लाभ

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 25 नवंबर को राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीण रोजगार, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तीकरण, नशामुक्ति और वित्तीय समावेशन को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। पंचायतों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

Nov 26, 2026 - 18:12
Nov 26, 2026 - 18:14
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: आवास, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में दिखी विकास की रफ्तार, हजारों परिवारों को मिला लाभ

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 25 नवंबर को राज्यभर में विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीण रोजगार, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तीकरण, नशामुक्ति और वित्तीय समावेशन को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। पंचायतों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ की थीम पर आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सैकड़ों परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान विभिन्न जिलों में आवास योजनाओं के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। पाकुड़ जिले के सभी छह प्रखंडों में 53 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। सरायकेला-खरसावां में 61, सिमडेगा में 34 और गोड्डा में 22 परिवारों को नए आवास की सौगात मिली। इन परिवारों को अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम-जनमन योजना के तहत घर उपलब्ध कराए गए।

ग्रामीणों को रोजगार और विकास योजनाओं का लाभ

सिमडेगा जिले में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 8,408 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने और 4,822 मानव दिवस सृजित करने की जानकारी दी गई। जिले की सभी 94 पंचायतों में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विकास योजनाओं के लिए 457 आवेदन प्राप्त हुए।

विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

लोहरदगा, गोड्डा, कोडरमा, दुमका, गढ़वा और चतरा समेत कई जिलों में स्कूली विद्यार्थियों के लिए क्विज, निबंध, पेंटिंग, नृत्य, गायन, नाटक और कथावाचन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड की संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ने के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर जोर

नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पंचायतों और आंगनबाड़ी केंद्रों में NAPDDR के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। रैलियों, शपथ ग्रहण, पोस्टर, रंगोली और नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। लोहरदगा में 128 विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम और नशामुक्ति की जानकारी दी गई। वहीं, रामगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में 17,326 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।

स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कई जिलों में विशेष पहल की गई। गोड्डा के बोआरीजोर प्रखंड के आठ गांवों में 222 बुखार पीड़ितों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें 30 लोग संक्रमित पाए गए। सरायकेला-खरसावां में खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। चतरा सहित अन्य जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित कर स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित किया गया।

किसानों और महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम

कृषि क्षेत्र में किसानों को रबी फसल, मृदा स्वास्थ्य, फसल संरक्षण और दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने की जानकारी दी गई। चतरा, दुमका, लोहरदगा और रामगढ़ में कृषि कार्यशाला, खेत बचाओ अभियान, बीज वितरण और आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुए।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में दुमका के सरैयाहाट में जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। गोड्डा के मेहरमा में बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट केंद्र शुरू हुआ। कोडरमा में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को मातृत्व, किशोरी स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।

आधार, बिजली और सड़क सुरक्षा को लेकर भी पहल

जनसेवाओं को सुगम बनाने के लिए चतरा में आधार कार्यशाला, गोड्डा में जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं का सम्मान समारोह और दुमका में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए गए। कोडरमा में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और विकास की प्रक्रिया में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0