धनबाद पुलिस लाइन में छात्रों की चित्रकला प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, कोयलांचल की समस्याओं को कैनवास पर उकेरा
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को धनबाद पुलिस लाइन में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों की चित्रकला प्रदर्शनी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से कोयलांचल की जिंदगी, कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। वहीं, त्योहारों के दौरान बेहतर पुलिसिंग करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया और विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को धनबाद पुलिस लाइन में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों की चित्रकला प्रदर्शनी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से कोयलांचल की जिंदगी, कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। वहीं, त्योहारों के दौरान बेहतर पुलिसिंग करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया और विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके की। इसके बाद उन्होंने छात्रों की ओर से लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कोयलांचल की वास्तविक तस्वीर को अपने कैनवास पर उतारा था। किसी पेंटिंग में कोयला खनन की प्रक्रिया दिखाई गई, तो किसी में कोलियरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जीवनशैली और उनकी परेशानियों को दर्शाया गया। वहीं, खनन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी चित्रों के जरिए दिया गया।
प्रदर्शनी में शामिल छात्रा निहारिका मंडल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को कोलियरी क्षेत्रों का भ्रमण कराया गया था। इस दौरान उन्होंने वहां के लोगों की जीवनशैली, कोयला खनन की प्रक्रिया और उससे जुड़ी समस्याओं को करीब से देखा। भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों को ही उन्होंने अपनी पेंटिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया। खास तौर पर खनन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान और उसके संरक्षण के उपायों को चित्रों में शामिल किया गया।
वहीं, उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कोलियरी क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद बच्चों ने उम्मीद से बेहतर चित्र तैयार किए हैं। इन चित्रों के माध्यम से उन समस्याओं और कमियों को भी सामने लाया गया है, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। जिला प्रशासन का प्रयास होगा कि इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें।
बोकारो रेंज के आईजी शैलेन्द्र सिन्हा ने भी छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने कोलियरी क्षेत्र के लोगों के रहन-सहन, उनकी समस्याओं और खनन की वास्तविक स्थिति को अपनी कला के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान त्योहारों में बेहतर पुलिसिंग और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के इस आयोजन में जहां पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान मिला, वहीं छात्रों की कला ने कोयलांचल की जमीनी हकीकत और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत को भी सामने रखा। जिला प्रशासन ने इन उभरती प्रतिभाओं को भविष्य में बड़ा मंच उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




