रांची के तपोवन मंदिर पहुंचे CM हेमंत और कल्पना सोरेन, प्रदेशवासियों के लिए की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। इसकी एक अलग पहचान है। अब इसी पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में हमने कदम बढ़ा दिया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।
RANCHI : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रामनवमी के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ शुक्रवार को ऐतिहासिक तपोवन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने राज्यवासियों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर में पूरे विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्यवासियों के बेहतर और सुखद जीवन के लिए प्रार्थना की। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी पूजा-अर्चना की। तपोवन मंदिर परिसर में रामनवमी के अवसर पर पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। मुख्यमंत्री जैसे ही वहां पहुंचे तो जय श्रीराम के जयकारे पूरे परिसर में गूंजने लगे।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और कुछ समय तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे। सीएम के आगमन को लेकर मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मंदिर परिसर में सीएम ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के आदर्श हैं। उन्होंने रामनवमी को केवल धार्मिक पर्व नहीं बल्कि आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया। सीएम ने लोगों से अपील की है कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी महापर्व के अवसर पर रांची के श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस बार भी आस्था के समागम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज यहां पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्रा का आज यहां समागम भी हो रहा है। ऐसे में पूरी श्रद्धा, उमंग, उत्साह और खुशी के साथ इस पर्व को मनाते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सामाजिक सद्भाव और समरसता के साथ रामनवमी महापर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। इसकी एक अलग पहचान है। अब इसी पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में हमने कदम बढ़ा दिया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। हम सभी भगवान श्रीराम से कामना करें कि इस मंदिर को भव्यता देने का काम जल्द से जल्द पूर्ण हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











