भाजपा सांसद निशिकांत दूबे के बेटे ने विदेश में ली स्नातक की उपाधि, लोगों ने उठाये सवाल

स्नातक की उपाधि लेने के बाद नेता पुत्र कनिष्क को लंदन के ही एक प्रतिष्ठित बैंक में जॉब भी मिल गई है।

Jun 6, 2024 - 12:39
भाजपा सांसद निशिकांत दूबे के बेटे ने विदेश में ली स्नातक की उपाधि, लोगों ने उठाये सवाल

भारतीय जनता पार्टी के क़द्दावर नेता डॉ निशिकांत दूबे इन दिनों चर्चा में हैं। उनके बड़े बेटे कनिष्क ने लंदन से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल कर ली है। इसे लेकर भाजपा के गोड्डा से सांसद डॉ निशिकांत दूबे ने अपने सोशल मीडिया पर बेटे की सफलता को लेकर एक पोस्ट किया था। कनिष्क की सफलता के लिए बहुत सारे लोगों ने शुभकामनाएँ दी है। कई लोगों ने एक नेता पुत्र के विदेश में डिग्री लेने पर सवाल उठाए हैं।

ग़ौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के क़द्दावर नेता और गोड्डा से सांसद रहे डॉ निशिकांत दूबे के बड़े बेटे कनिष्क ने लंदन के एडिनबर्ग विश्वविद्यालय (The University of Edinburgh) से राजनीति विज्ञान में स्नातक की उपाधि पायी है। इतना ही नहीं स्नातक की उपाधि लेने के बाद कनिष्क को लंदन के ही एक प्रतिष्ठित बैंक में जॉब भी मिल गई है। इसी ख़ुशी को व्यक्त करते हुए डॉ निशिकांत दूबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट जारी कर अपने चाहनेवालों को इसकी जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी होने के बाद उनके चाहनेवालों कि बधाइयाँ आनी शुरू हो गई। लेकिन अफ़सोस की बात ये है कि बधाइयों से ज़्यादा कई ऐसे कमेंट्स आ रहे हैं जो डॉ निशिकांत दूबे के सत्ताधारी पार्टी में रहते हुए भी भारत की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं।

कई लोगों ने अपने कमेंट्स में पूछा है कि ” क्या भारत में पढ़ाई अच्छी नहीं होती है? आप भारत के सत्ताधारी पार्टी के नेता हैं। यहाँ की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की बजाय आप जैसे नेता अपने बच्चों को विदेश पढ़ने भेज देते हैं। लेकिन यहाँ की जनता की शिक्षा का क्या होगा?”

कुछ लोगों ने तो सांसद पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि – आप जैसे नेता अपने बच्चों को तो अच्छी शिक्षा लेने विदेश भेज देते हैं, और यहाँ के युवाओं को धर्म के नाम पर हाथ में झंडा थमाकर सड़कों पर उतरने को कहते हैं। ताकि आपकी सत्ता बरकरार रहे। ख़ुद विदेशों में चर्च परंपरा से शिक्षा और डिग्री हासिल कीजिए, लेकिन यहाँ के युवाओं को गुमराह कर जाति और धर्म के नाम पर लड़वाते रहिए।

एक फॉलोवर ने अपने कमेंट में लिखा है कि “आपको अपनी ही शिक्षा नीति पर भरोसा नहीं है, लेकिन यहाँ की जनता को भरोसा करने को कहते हैं। भाजपा और अन्य सभी दल एक जैसे ही हैं, सत्ता के भूखे। जनता को मूर्ख बनाकर अपनी रोटी सेंकते रहिए।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0