नवजात के नन्हे कदमों की निशानी, मां को मिला यादगार उपहार
गयाजी। ए.पी. कॉलोनी स्थित राजेश्वर मेटरनिटी एंड सर्जरी हॉस्पिटल में नवजात शिशु के जन्म की खुशी को यादगार बनाने की अनूठी पहल की जा रही है। अस्पताल में प्रसव के बाद माताओं को विदाई के समय नवजात के पैर के फुटप्रिंट वाला मोमेंटो उपहार स्वरूप दिया जाता है। यह छोटा-सा उपहार माता-पिता के लिए भावनाओं से जुड़ी एक अनमोल स्मृति बन रहा है। अस्पताल के निदेशक सह चिकित्सक डॉ. अनुपम कुमार चौरसिया एवं डॉ. कुमारी आरती की पहल पर यह व्यवस्था पिछले दो वर्षों से लगातार जारी है। डॉ. अनुपम कुमार चौरसिया ने बताया कि पहले कई अभिभावक अपने नवजात बच्चे के फुटप्रिंट की कॉपी मांगते थे। अभिभावकों की भावनाओं को देखते हुए उन्होंने फुटप्रिंट को मोमेंटो के रूप में तैयार कर उपहार देने की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म का क्षण हर माता-पिता के जीवन का सबसे खास पल होता है। ऐसे में नवजात के नन्हे पैरों की छाप उस पल को हमेशा के लिए संजोकर रखने का माध्यम बन जाती है। वर्षों बाद भी जब माता-पिता इस मोमेंटो को देखते हैं तो उन्हें अपने बच्चे के जन्म की पहली याद ताजा हो जाती है। अस्पताल की इस पहल को अभिभावकों की ओर से भी सराहना मिल रही है। उनका कहना है कि यह सामान्य उपहार नहीं, बल्कि उनके जीवन की सबसे अनमोल स्मृतियों में से एक है, जिसे वे हमेशा संभालकर रखेंगे। अस्पताल प्रबंधन की यह पहल चिकित्सा सेवा के साथ मानवीय संवेदनाओं को जोड़ने का सकारात्मक प्रयास भी मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





