Wednesday, May 1, 2024
Homeव्यंग्यथैंक्स टू चाइना फार इंडिपेंडेस

थैंक्स टू चाइना फार इंडिपेंडेस

इस बार बहुत सस्ते भाव में खरीद लिए तिरंगे, चीन से बनकर आए हैं तिरंगे। वहां भी मंदी का डर है तो बहुत सस्ते पड़े इस बार। हैपी इंडिपेंडेंस डे, विद तिरंगा फ्रॉम चाइना।

आलोक पुराणिक:

महानगर के एक टिपिकल मध्यवर्गीय परिवार में इंडिपेंडेंस डे कुछ यूं हो सकता है। सुबह 5 बजे से ही दनधनाधन फोन पर मेसेज आ रहे हैं – हैपी इंडिपेंडेंस डे।

जिस फोन हैंडसेट पर मेसेज रिसीव हुए हैं, वह हो सकता है आईफोन (अमेरिकन कंपनी) का हो, नोकिया (फिनलैंड की कंपनी) का हो, सैमसंग व एलजी (कोरियाई कंपनियां), ओप्पो, एम आई (चाइनीज कंपनियां)का हो। मेसेज भेजने वालों ने भी इन्हीं हैंडसेटों का यूज किया होगा। हैपी इंडिपेंडेंस डे।

चाय की तैयारी शुरू। जिस फ्रिज से दूध निकालकर चाय बनाई जाएगी वो फ्रिज मेरे घर में तो एलजी (कोरिया) का है। चाय ब्रुकबॉन्ड यूनीलीवर (लंदन) या कॉफी नेस्केफे, नेस्ले (स्विट्जरलैंड) की पीकर इंडिपेंडेंस डे के सेलिब्रेशंस देखने के लिए टीवी ऑन करें। टीवी, सोनी (जापान) या सैमसंग/एलजी (कोरिया) का हो सकता है। मेरे घर के सैमसंग के टीवी पर टाटा स्काई (स्काई कंपनी ब्रिटेन की है) लगा है। उस पर हैपी इंडिपेंडेंस डे के सेलिब्रेशंस देखिए।

बच्चे कह रहे हैं कि आज खाना कुछ स्पेशल हो। मैं कहूंगा कि चलो चांदनी चौक परांठे वाली गली में देसी घी के परांठे खाए जाएं। कक्षा 12 में पढ़ने वाली मेरी बेटी इसे रिजेक्ट कर देगी – टू कंजेस्टेड गलियां। कूल नहीं है वो गली। यू नो आउटिंग का फील नहीं आता। दैन पार्किंग का प्रॉब्लम। दोनों बेटियां मिलकर तय कर लेंगी कि पास के मैक डी (मैकडोनाल्ड बर्गर कंपनी, अमेरिका) में जाकर बर्गर, स्पेशल मील्स वगैरह उड़ाएंगे। बड़ी बेटी धमकी देगी कि आज इंडिपेंडेंस डे है, इसलिए आज कोक (अमेरिकन कंपनी) पेप्सी (अमेरिकन कंपनी) पीने से मत रोकना।

पास के चोपड़ाजी मेरी बेटी के हाथ में दो तिरंगे थमा जाएंगे। वो बताएंगे कि इस बार बहुत सस्ते भाव में खरीद लिए तिरंगे, चीन से बनकर आए हैं तिरंगे। वहां भी मंदी का डर है तो बहुत सस्ते पड़े इस बार। हैपी इंडिपेंडेंस डे, विद तिरंगा फ्रॉम चाइना।

फिर हम अपनी मारुति कार (मारुति सुजुकी, जापानी कंपनी) में बैठकर मैकडी की तरफ निकलेंगे। छोटी बेटी डांटेगी, कार पुरानी हो गई। अब आई-10 (ह्युंदे, कोरिया) या होंडा सिटी (होंडा, जापान) या फोर्ड (अमेरिका) या टोयॉटा (जापान) ले लो।

मैकडी, शॉपिंग मॉल, इधर-उधर, फिर मोबाइल पर इंडिपेंडेंस डे के तमाम मेसेज रिसीव करते-करते शाम हो जाएगी। बच्चे फिर इंडिपेंडेंस डे के हवाले से कहेंगे कि शाम को भी स्पेशल होना चाहिए और डॉमिनो पिज्जा (अमेरिकन कंपनी) में खाकर घर लौट आएंगे। विकल्प पिज्जा हट (अमेरिकन कंपनी) में खाने का भी था।

थैंक्स टू अमेरिकन, कोरियन, चाइनीज, ब्रिटिश और ना जाने कहां-कहां की कंपनियां। वंडरफुल इंडिपेंडेंस डे रहा हमारा।

एक बेटी शायद यह कह सकती है – इंडिपेंडेंस का मतलब मुझे समझ आ रहा है। इंडिपेंडेंस फ्रॉम इंडियन गुड्स।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments