केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का 'फर्जी PA' गिरफ्तार, जेल IG पर जमा रहा था धौंस
PATNA : केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के नाम का दुरुपयोग कर जेल आईजी से पैरवी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने अरवल जिले के मेहंदिया निवासी नीरज को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर केंद्रीय मंत्री का पर्सनल सेक्रेटरी (PA) बनकर जेल आईजी को फोन करने और एक बंदी को दूसरी जेल से स्थानांतरित कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ सचिवालय थाना में FIR दर्ज किया गया है, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए इसे गिरफ्तार किया गया है।
फर्जी PA बनकर जेल आईजी को किया फोन
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नीरज मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उसने कुछ दिन पहले जेल आईजी को फोन कर खुद को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का PA बताया। इसके बाद उसने एक बंदी की पैरवी करते हुए जेल आईजी से बोला- 'मैं ललन बाबू का PA बोल रहा हूं। एक फलां नाम का कैदी आपके जेल में बंद है। उसे दूसरी जगह शिफ्ट कर दीजिए।' आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने मंत्री के नाम का हवाला देकर जेल प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की।
रिश्तेदार की पैरवी के लिए किया था कॉल
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मेरे रिश्तेदार भरत सिंह बेऊर में थे। जमीन संबंधी विवाद में पकड़े गए थे। उन्हें 6 महीने पहले भागलपुर शिफ्ट कर दिया गया था। उन्हें वापस बेऊर जेल बुलाने के लिए जेल आईजी को कॉल किया था।
मंत्री के साथ काम करने का किया दावा
पूछताछ के दौरान नीरज ने दावा किया कि वर्ष 2024 में वह करीब एक-दो महीने तक केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ भी जुड़ा रहा। हालांकि, पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस मामले में पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी और भी खुलासा कर सकती हैं। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने केवल इसी मामले में मंत्री का नाम इस्तेमाल किया या इससे पहले भी किसी अन्य व्यक्ति या अधिकारी को इसी तरह झांसा देने का प्रयास किया था।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके खिलाफ धोखाधड़ी या प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) के अन्य मामले तो दर्ज नहीं हैं। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











