USA ने वर्ल्ड कप में बजाया जीत का बिगुल, पराग्वे को 4-1 से हराकर दिखाया दम
SPOTS DESK : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान अमेरिका ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। कैलिफोर्निया के इंगलवुड स्थित सोफी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में USA ने पराग्वे को 4-1 से हराकर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही अमेरिकी टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। मैच के शुरुआती मिनटों में पराग्वे के डेमियन बोबाडिला के आत्मघाती गोल की बदौलत अमेरिका को बढ़त मिली। इसके बाद टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
मैच के 31वें मिनट में फोलारिन बालोगुन ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बालोगुन ने एक बार फिर कमाल दिखाया और दो डिफेंडरों को छकाते हुए अपना दूसरा गोल दाग दिया। हाफ टाइम तक अमेरिका 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर चुका था।
दूसरे हाफ में पराग्वे ने वापसी की कोशिश की। 73वें मिनट में मौरिसियो ने शानदार मूव बनाते हुए गोल दागा और स्कोर 3-1 कर दिया। हालांकि यह गोल टीम को मुकाबले में वापस लाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।
पराग्वे के गोल के बाद अमेरिका ने फिर आक्रमण तेज कर दिया। मैच के स्टॉपेज टाइम में जियो रेयना ने गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी। इसके साथ ही अमेरिका ने 4-1 की बड़ी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए।
अब अमेरिका की अगली परीक्षा 19 जून को होगी, जब उसकी भिड़ंत सिएटल में ऑस्ट्रेलिया से होगी। इस जीत के बाद अमेरिकी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ नजर आ रहा है और वह खिताब की दावेदारी मजबूत करने की दिशा में पहला कदम सफलतापूर्वक उठा चुकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











