देश सेवा के बाद अब जन-सेवा में जुटे हैं गोपाल कृष्ण झा

कोरोना पीड़ित मरीजों- परिजनों को कर रहे मदद

देश सेवा के बाद अब जन-सेवा में जुटे हैं गोपाल कृष्ण झा

रांची। कोरोना संक्रमण काल के दौरान पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर हर संभव सहयोग किया जा रहा है। पीड़ितों की मदद के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों की ओर से सेवा कार्य किए जा रहे हैं। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कोरोना संक्रमित मरीजों और उनके परिजनों की मदद करने का बीड़ा उठाया है। ऐसी ही एक शख्सियत हैं बिरसा चौक के सेंट पीटर्स कॉलोनी निवासी समाजसेवी गोपाल कृष्ण झा‌। श्री झा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। पहले उन्होंने देश सेवा की और अब पीड़ित मानवता की सेवा के लिए समर्पित हैं। मानव सेवा के प्रति उनका समर्पण और कोरोना संक्रमण काल के दौरान पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनके जज्बे और जुनून को देखकर अन्य समाजसेवी भी प्रेरित हो रहे हैं। जहां एक ओर कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप से लोगों के बीच संशय,भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। लोग एक दूसरे की मदद करने से कतराते हैं। वहीं, गोपाल कृष्ण झा अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना संक्रमित मरीजों और उनके परिजनों की हर संभव सहायता में जुटे हैं। उनका कहना है कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। पीड़ित मानवता की सेवा करने से उन्हें सुखद अनुभूति होती है। मानव जीवन का उद्देश्य सार्थक होता है। उनका मानना है कि जीवन मानव जीवन ईश्वरीय देन है। ईश्वर की कृपा से मनुष्य अपनी जिंदगी जीता है और ईश्वर की कृपा से ही जिंदगी की सांसों की डोर थमती है। इसलिए ईश्वर पर भरोसा रखते हुए ईमानदारीपूर्वक अपना कर्तव्य निभाते रहें। उन्होंने गीता का श्लोक गुनगुनाते हुए कहा कि “कर्म किए जा फल की इच्छा मत कर ऐ इंसान, जैसा कर्म करेगा वैसा फल देगा भगवान”।
श्री झा कोरोना संक्रमित अपने इष्ट-मित्रों, परिजनों, सगे-संबंधियों सहित अन्य गरीब व जरूरतमंदों की हर संभव सहायता करने को तत्पर रहते हैं।
रोज सुबह उठकर अपने मित्रों व सगे संबंधियों की खोज खबर लेना और पीड़ित परिवारों को उनकी जरूरतों के मुताबिक हर संभव सहयोग करना उनकी दिनचर्या में शुमार है। उनके इस पुनीत कार्य में उनकी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों का भी भरपूर सहयोग मिलता है।