बड़कागांव के विस्थापितों की समस्याओं का जल्द करें समाधान : सुबोधकांत सहाय

पूर्व कृषि मंत्री,पूर्व विधायक,उनके परिजनों व ग्रामीणों पर किए झूठे मुकदमे वापस ले सरकार

Jun 5, 2024 - 10:10
बड़कागांव के विस्थापितों की समस्याओं का जल्द करें समाधान : सुबोधकांत सहाय

रांची / हजारीबाग। भारत सरकार के पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि बड़कागांव के विस्थापितों -किसानों के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका वाजिब हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास जारी है। इस क्रम में हजारीबाग के सर्किट हाउस में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बड़कागांव स्थित एनटीपीसी परियोजना से काफी संख्या में किसान विस्थापित हुए हैं और अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। पूर्ववर्ती भाजपानीत सरकार के शासनकाल में विस्थापितों को न्याय नहीं मिल पाया। वर्तमान सरकार से उन्होंने अपेक्षा की है कि बड़कागांव के विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में अविलंब यथोचित कदम उठाए। इस मामले में झारखंड सरकार द्वारा गठित चार सदस्य कमेटी का ध्यान आकर्षित कराते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे कई विस्थापित हैं, जो अब तक अपनी बात स्पष्ट रूप से समिति के समक्ष नहीं रख पाए हैं, वैसी परिस्थिति में कमेटी के अध्यक्ष हजारीबाग के आयुक्त एवं अन्य सदस्यगण का दायित्व बनता है कि उन विस्थापितों से संपर्क करके अविलंब सारे मामलों का निराकरण करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का कोई भी मुद्दा विस्थापितों एवं ग्रामीणों का लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए जमीन की लड़ाई के लिए ग्रामीणों द्वारा आंदोलन किया गया था, उसमें शामिल लोगों को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया गया। जिसमें पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव, उनकी पत्नी व तत्कालीन विधायक निर्मला देवी सहित उनके बच्चों के साथ-साथ हजारों ग्रामीण शामिल थे। इसकी छानबीन कर वैसे सभी लोगों को फर्जी मुकदमे से बरी किया जाए। उन्होंने कमेटी से यह भी आग्रह किया कि विस्थापितों की पूरी बातें सुनें। उनके मुआवजे की राशि वर्तमान दर से तय की जाए और उन पर किए गए झूठे व फर्जी मुकदमे शीघ्र वापस लिए जाएं। श्री सहाय ने कहा कि 20 अगस्त तक कमेटी सही गाइडलाइन तैयार कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए विस्थापितों की समस्याओं का निराकरण करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से बरही विधायक उमाशंकर अकेला, जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव सहित अन्य मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0