श्री रामकृष्ण सेवा संघ की वर्तमान कार्यकारिणी समिति दो वर्षों के लिए विस्तारित

सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित हैं संघ के सदस्यगण: तुषार कांति शीट

Mar 25, 2021 - 05:39
श्री रामकृष्ण सेवा संघ की वर्तमान कार्यकारिणी समिति दो वर्षों के लिए विस्तारित

रांची। श्री रामकृष्ण सेवा संघ की वार्षिक आम सभा गत दिनों शहर के निवारणपुर स्थित श्री रामकृष्ण सेवा संघ की इकाई बीएसवी स्कूल परिसर में आयोजित की गई। आमसभा में वर्तमान कार्यकारिणी समिति को सर्वसम्मति से दो वर्षों के लिए विस्तारित करने की घोषणा की गई। आम सभा की अध्यक्षता श्री रामकृष्ण सेवा संघ के अध्यक्ष सुकृत भट्टाचार्य ने की। श्री भट्टाचार्य ने बताया कि 21 मार्च को आम सभा के आयोजन के संबंध में संस्था के सभी सदस्यों को विगत माह 15 फरवरी को सूचित किया गया था। आम सभा में कुल 58 सदस्य शामिल हुए। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के महानिरीक्षक, निबंधन (आइजीआर) द्वारा रामकृष्ण सेवा संघ की वैध कमेटी को सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन 28 फरवरी 2020 को प्रदान की गई थी। जिसे प्रदर्शित करते हुए संस्था की वैधता की जानकारी सभी सदस्यों को दी गई। सचिव डॉ. स्मिता डे ने विगत एक वर्ष का लेखा-जोखा और संस्था की अन्य गतिविधियों की जानकारी से सदस्यों को अवगत कराया। सभा में नई कार्यकारिणी समिति के चयन पर चर्चा हुई। जिसमें विगत दो वर्षों से चली आ रही वर्तमान कार्यकारिणी सदस्यों को आम सभा में सदस्यों द्वारा अगले दो साल के लिए पुनर्बहाल किया गया। इसके तहत अध्यक्ष सुकृत भट्टाचार्य, सचिव डॉ.स्मिता डे, उपाध्यक्ष आशुतोष चटर्जी, सहायक सचिव तुषार कांत शीट व अर्चना चक्रवर्ती, कोषाध्यक्ष तन्मय मुखर्जी, सह कोषाध्यक्ष पीएल पाल सहित 11 लोगों को कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। समिति के सहायक सचिव तुषार कांति शीट ने बताया कि संघ के सभी सदस्य समर्पित भाव से सेवा कार्यों में जुटे हैं।
आम सभा के पूर्व स्वामी रामकृष्ण परमहंस की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर स्वामी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद लगभग ढाई सौ भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर काफी संख्या में स्वामी रामकृष्ण परमहंस के अनुयायी व भक्तगण मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0