चैती दुर्गा पूजा महासमिति के सौजन्य से गरीबों के लिए चल रहा लंगर

जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा मानव धर्म : किशोर साहू

चैती दुर्गा पूजा महासमिति के सौजन्य से गरीबों के लिए चल रहा लंगर

रांची : लाॅकडाउन के दौरान राजधानी के भुतहा तालाब स्थित चैती दुर्गा पूजा महासमिति के सौजन्य से गरीबों के लिए प्रतिदिन लंगर चलाया जा रहा है। इसमें आसपास के इलाकों के लगभग तीन सौ गरीब लोगों को प्रतिदिन भोजन कराया जाता है। इस संबंध में महासमिति के मुख्य संरक्षक व शहर के जाने-माने समाजसेवी किशोर साहू ने बताया कि लॉकडाउन शुरू होने के बाद से प्रतिदिन लंगर चलाया जा रहा है। इसमें लगभग ढाई से तीन सौ गरीब व समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को रोज भोजन कराया जाता है।

श्री साहू ने बताया कि गरीबों के लिए भोजन तैयार करने में महासमिति के सदस्यों के अलावा उनके घरों की महिलाएं भी सहयोग करती हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के मद्देनजर किए गए देशव्यापी लॉकडाउन से खासकर गरीब तबके के लोग प्रभावित हो रहे हैं। उनके समक्ष भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए महासमिति ने कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि अबतक जरूरतमंदों के बीच मास्क, सैनिटाइजर, साबुन, बिस्कुट, खाद्य सामग्री के अलावा अन्य उपयोगी सामानों का वितरण भी किया गया है। श्री साहू ने कहा कि इस कठिन दौर में दुनिया को संकट से उबारने के लिए एकजुटता और सहानुभूति जरूरी है। संकट की इस घड़ी में कई लोग सिर्फ न्यूनतम उपलब्ध संसाधनों के साथ जीने को विवश हैं। ऐसे में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना हर मनुष्य का नैतिक कर्तव्य बनता है। उन्होंने आसपास के जरूरतमंद लोगों को मदद पहुंचाने, भूखे को भोजन कराने, बीमार का इलाज कराने, बेघरों को कहीं रहने की व्यवस्था करने और किसी अनाथ का सहारा बनने की लोगों से अपील की। लंगर के सफल संचालन और पीड़ित मानवता की सेवा में चैती दुर्गा पूजा महासमिति के महामंत्री गोपाल पारीक, कोषाध्यक्ष संजय कुमार सिंह उर्फ लल्लू, सदस्य सूरज वर्मा, संदीप वर्मा, रवि सिंह, सुनील रजक, रूपक जयसवाल, रमेश वर्मा, आकाश रजक, शेखर रजक, संतोष सिंह, करण सिंह, मोहित रजक सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान है।