BIG NEWS : बिहार के इस स्कूल में एक के बाद एक 10 बच्चे हुए बेहोश, मची अफरा-तफरी
हालात को बिगड़ते देख प्रिंसिपल ने तुरंत छात्रों को पंखे के नीचे लेटाया और पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में डरे-सहमे अभिभावक और ग्रामीण स्कूल की ओर दौड़ पड़े।
BUXAR : बिहार में गर्मी चरम पर है। भीषण गर्मी ने अपना रौद्र रुप दिखाना शुरू कर दिया है। वहीं, चिलचिलाती धूप में पढ़ने के लिए स्कूल गई बच्चियां भी हलकान हैं। बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड में कनेहरी उच्च विद्यालय में सोमवार की सुबह पढ़ाई शुरू होते ही चीख-पुकार मच गई। भीषण गर्मी और जानलेवा लू के कारण स्कूल में करीब 10 छात्र-छात्राएं एक के बाद एक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
एक के बाद एक 10 बच्चे हुए बेहोश
दरअसल, सोमवार की सुबह बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुंचे थे। चेतना सत्र तक सब कुछ सामान्य लग रहा था लेकिन जैसे ही पहली घंटी बजी और बच्चे अपनी कक्षाओं में पढ़ाई के लिए बैठे, गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया। उमस और लू के थपेड़ों के बीच अचानक एक छात्र बेहोश हुआ और देखते ही देखते यह सिलसिला 10 बच्चों तक पहुंच गया। स्कूल के कमरों में अचानक बच्चों के गिरने की खबर से शिक्षकों के हाथ-पांव फूल गए और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
9 बजे कर दी गई छुट्टी
हालात को बिगड़ते देख प्रिंसिपल ने तुरंत छात्रों को पंखे के नीचे लेटाया और पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में डरे-सहमे अभिभावक और ग्रामीण स्कूल की ओर दौड़ पड़े। हर कोई अपने बच्चे की सलामती जानने को बेताब था। प्रिंसिपल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और स्कूल में मची अव्यवस्था को संभालने की कोशिश की।
इसके बाद बढ़ती गर्मी और बच्चों की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर सुबह 9:00 बजे ही स्कूल की छुट्टी कर दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











