तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलो गांजा बरामद, महिला यात्री गिरफ्तार

गयाजी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया की टीम ने ऑपरेशन नारकोश के तहत कार्रवाई करते हुए तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 91 हजार 100 रुपये बताई गई है। मामले में एक महिला यात्री को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (जीआरपी) गया को सौंप दिया गया। आरपीएफ के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को गया रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 22811 अप भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस से एक महिला मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रही है। ट्रेन के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने के बाद आरपीएफ टीम ने कोच संख्या ए-3 में जांच की। जांच के दौरान बर्थ संख्या-06 पर यात्रा कर रही 26 वर्षीय महिला यात्री मीणा कुमारी के पास मौजूद एक पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। दोनों बैग से कुल 15 बंडलों में रखा 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद महिला को महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह गांजा जाजपुर क्योंझर रोड, ओडिशा से लेकर दिल्ली जा रही थी। आरपीएफ ने बताया कि यात्रा से संबंधित पीएनआर संख्या 6709483397 भी उसके पास से प्राप्त हुई है। कार्रवाई सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गया की मौजूदगी में नियमानुसार की गई। इसके बाद आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक रणधीर कुमार ने प्राथमिकी सहित संबंधित दस्तावेजों और गिरफ्तार महिला को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गया को सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Sep 14, 2026 - 18:26
तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलो गांजा बरामद, महिला यात्री गिरफ्तार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0