प्रमोशन पार्टी में शराब के नशे में हर्ष फायरिंग, गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से चलीं 6 गोलियां; 5 गिरफ्तार
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में प्रमोशन की खुशी में आयोजित पार्टी उस वक्त सनसनी में बदल गई, जब कथित तौर पर शराब के नशे में बैंककर्मियों ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार की है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुंगेर:- बिहार के मुंगेर में प्रमोशन की खुशी में आयोजित पार्टी उस वक्त सनसनी में बदल गई, जब कथित तौर पर शराब के नशे में बैंककर्मियों ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार की है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नवादा जिले के रहने वाले सुधांशु सहाय का प्रमोशन एडिशनल ब्रांच मैनेजर के पद पर हुआ था। इसी खुशी में बेटवन बाजार स्थित उनके आवास पर पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी में आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े राहुल कुमार साहनी, अंकित कुमार, शशांक शेखर और पड़ोसी आशीष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।
आरोप है कि पार्टी के दौरान शराब का सेवन किया गया। इसी दौरान बैंक की सुरक्षा में तैनात गार्ड रामबली की लाइसेंसी दोनाली बंदूक वहां लाई गई और खिड़की से करीब छह राउंड फायरिंग की गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दोनाली बंदूक, छह खोखे और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग की गई।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सुरक्षा में तैनात गार्ड की लाइसेंसी बंदूक पार्टी वाले आवास तक कैसे पहुंची और उसे किसने चलाया। बरामद हथियार और कारतूस के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

