नीतीश की शॉर्ट फिल्म की लॉन्चिंग पर रो पड़े अशोक चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे निशांत ने बंधाया ढांढस, बोले - बड़े भाई सम्राट चौधरी को पूरा सहयोग
बिहार में नई सरकार बनने के बाद पहली बार नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि “सम्राट चौधरी मेरे बड़े भाई हैं। उन्हें बधाई देता हूं। विजय चौधरी अंकल को बधाई देता हूं।
PATNA : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बनी शॉर्ट फिल्म 'मेरा नेता मेरा अभिमान’ की लॉन्चिंग जेडीयू दफ्तर में निशांत कुमार ने की। इस फिल्म में पूर्व मुख्यमंत्री के 20 साल के कामकाज को दिखाया गया है। इस दौरान नीतीश कुमार पर बने एक गाने को भी लॉन्च किया गया। इस प्रोग्राम में पूर्व मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी भी मौजूद रहे, जो फिल्म की लॉन्चिंग के वक्त रो पड़े और फिर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने उनका ढांढस बंधाया।
इस मौके पर निशांत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पार्टी संगठन को मजबूत करना और जनता का आशीर्वाद लेना रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके पिताजी नीतीश कुमार ने 20 सालों में बिहार के लिए बहुत काम किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री अशोक चौधरी नीतीश कुमार का जिक्र करते ही रो पड़े। उन्होंने कहा कि 'नीतीश जी का फैसला था कि वो राज्यसभा जाएंगे। वो जा रहे हैं ठीक है लेकिन उनके साथ काम करने का एक अलग ही मजा था। हर व्यक्ति की बॉडी लैग्वेज और रिएक्ट करने का तरीका अलग होता है।
हो सकता है वो भी इसे लेकर भावुक हों। हर तरह से उन्होंने काम किया था। हम चाहते थे कि वो 5 साल और काम करते। बिहार समृद्धशाली हो पाता। उन्होंने जो सपना देखा था, वो पूरा हो पाता। सब कुछ इतना अचानक हुआ कि समझने का मौका ही नहीं मिला। नीतीश जी प्रदेश के मुख्यमंत्री ही नहीं थे, वे अभिभावक थे। हमें उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।”
वहीं, बिहार में नई सरकार बनने के बाद पहली बार नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि “सम्राट चौधरी मेरे बड़े भाई हैं। उन्हें बधाई देता हूं। विजय चौधरी अंकल को बधाई देता हूं। उम्मीद है सम्राट जी बिहार को नई राह दिखाएंगे। हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे। मेरे पिताजी और मेरा सम्राट को पूरा सहयोग है। मैं जनता के बीच में जाऊंगा। पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा। पिता जी के अधूरे सपनों को पूरा करूंगा।”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











