एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कपड़े के 58 बंडल जब्त
तस्करी में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल भी बरामद, जब्त सामान बेतिया कस्टम कार्यालय को सौंपा
नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कपड़े के 58 बंडल जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान कपड़ों की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। जब्त सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, बेतिया को सौंप दिया गया है। एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजकर 49 मिनट पर गुप्त सूचना के आधार पर परसौनी गांव के समीप संयुक्त नाका लगाया गया था। इस दौरान 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नरकटियागंज के अंतर्गत डी-समवाय भिखनाठोरी के कार्यक्षेत्र में एसएसबी के उप सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) समरजीत दास के नेतृत्व में जवानों तथा बिहार पुलिस की टीम ने एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से कपड़े के 58 बंडल बरामद हुए। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कपड़ों को भारत से नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी थी। मामले में जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, बेतिया के सुपुर्द कर दिया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस की ओर से निगरानी एवं कार्रवाई की जाती रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में कपड़ों की बड़ी खेप जब्त किए जाने से सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के विरुद्ध सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता सामने आई है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





