बिहार की बेटी खुशी कुमारी ने रचा इतिहास, अंडर-23 T20 टीम में मिली जगह; भारतीय टीम के लिए खेलना है सपना

बिहार के वैशाली जिले की बेटी खुशी कुमारी ने क्रिकेट की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। बिदुपुर प्रखंड के मोहनपुर वार्ड-2 निवासी प्रकाश रंजन की 21 वर्षीय बेटी खुशी का चयन बिहार अंडर-23 T20 क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

Nov 11, 2026 - 14:01

खुशी का चयन पटना में आयोजित ट्रायल के दौरान हुआ। इस ट्रायल में BCCI के सीनियर सेलेक्टर भी मौजूद थे। 16 सदस्यीय बिहार टीम में जगह बनाने के साथ खुशी को प्लेइंग-11 में भी शामिल किया गया है। खास बात यह है कि वैशाली जिले से चयनित होने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी हैं।

जानकारी के मुताबिक, बिहार टीम की 11 खिलाड़ी आज पटना से रायपुर के लिए रवाना होंगी। वहां 14 नवंबर को बिहार और केरल के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह प्रतियोगिता 22 नवंबर तक चलेगी। अब खुशी को इस टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

खुशी बाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके सफर की महज शुरुआत है। उनका सपना भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना है और वह अपने इस सपने को जल्द पूरा करना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग को दिया। उनके भाई मुकुल कुमार भी खिलाड़ी हैं और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते रहे हैं।

खुशी के पिता प्रकाश रंजन स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि खुशी की क्रिकेट में रुचि वर्ष 2020 के लॉकडाउन के दौरान बढ़ी थी। बेटी की खेल के प्रति लगन को देखते हुए परिवार ने उसे पूरा सहयोग दिया और पटना में प्रशिक्षण की व्यवस्था कराई। खुशी प्रतिदिन घर और प्रशिक्षण स्थल पर करीब 4 से 5 घंटे अभ्यास करती थीं।

खुशी की इस सफलता के पीछे उनके कोच विजय सर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो पिछले तीन वर्षों से उन्हें प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके अलावा उनके भाई मुकुल कुमार ने भी हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।

बेटी के बिहार टीम में चयन से पिता प्रकाश रंजन और पूरा परिवार बेहद खुश है। परिवार को उम्मीद है कि खुशी जल्द ही भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने भी बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0