होर्मुज के पास जहाज पर बड़ा हमला, 24 भारतीय नाविक फंसे; इंजन रूम में धमाके के बाद लगी आग

Jun 8, 2026 - 17:26
होर्मुज के पास जहाज पर बड़ा हमला, 24 भारतीय नाविक फंसे; इंजन रूम में धमाके के बाद लगी आग

NEWS DESK : स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील दूर एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमले में बड़ा धमाका हुआ है. पलाउ देश का झंडा लगे इस जहाज के इंजन रूम में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई और जहाज में पानी भरने लगा. देखते ही देखते जहाज की स्थिरता बिगड़ गई और डूबने का खतरा पैदा हो गया. 

होर्मुज के पास जहाज पर बड़ा हमला

नाविकों ने तुरंत मदद के लिए डिस्ट्रेस कॉल (SOS) जारी किए. इस जहाज पर कम से कम 24 भारतीय नाविक सवार थे, इस बात की पुष्टि फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया ने की है. इस घटना में कुछ क्रू मेंबर्स को नुकसान भी पहुंचा है. सूत्रों के मुताबिक नाविकों ने बहुत तेजी से पानी भरने की सूचना दी. जहाज की लाइफबोट्स भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया है. 

यह घटना उस समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण क्षेत्रीय तनाव पहले से ही बहुत ज्यादा है. आपको बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के तेल परिवहन का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां हाल के दिनों में कई जहाजों पर हमले हो चुके हैं.

24 भारतीय नाविक फंसे

इससे मात्र कुछ दिन पहले 13 मई को ओमान के पानी में एक और भारतीय जहाज दुर्घटना का शिकार हुआ था. सोमालिया से संयुक्त अरब अमीरात (शारजाह) जा रहे भारतीय लकड़ी की जहाज में आग लग गई और वह डूब गया. उस जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों को ओमान कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचाया था. 

ताजा घटना में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. ओमान और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा एजेंसियों से मदद मांगी जा रही है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास लगातार हो रहे हमलों से वैश्विक समुद्री व्यापार प्रभावित हो रहा है. भारतीय नाविक दुनिया भर के जहाजों पर बड़ी संख्या में काम करते हैं. ऐसे में क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हमलों ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को गंभीर चुनौती बना दिया है. विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों और जहाज मालिकों से अपील की है कि वे क्षेत्र में यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0