होमगार्ड जवानों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य, ड्यूटी और कार्यालय आने-जाने के दौरान पूरी वर्दी पहनना जरूरी
रांची: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवानों के लिए अब निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। हजारीबाग जिला समादेष्टा कार्यालय की ओर से होमगार्ड जवानों के ड्रेस कोड और टर्न-आउट को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत सभी गृह रक्षकों को ड्यूटी के दौरान ही नहीं, बल्कि कार्यालय आने-जाने के समय भी पूर्ण निर्धारित वर्दी में रहना होगा।
रांची:- झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवानों के लिए अब निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। हजारीबाग जिला समादेष्टा कार्यालय की ओर से होमगार्ड जवानों के ड्रेस कोड और टर्न-आउट को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत सभी गृह रक्षकों को ड्यूटी के दौरान ही नहीं, बल्कि कार्यालय आने-जाने के समय भी पूर्ण निर्धारित वर्दी में रहना होगा।
वर्दी और टर्न-आउट में एकरूपता पर जोर
जारी निर्देश में कहा गया है कि जिला इकाई के गृह रक्षकों के वर्दी पहनने और साज-सज्जा यानी टर्न-आउट में एकरूपता नहीं देखी जा रही थी। अलग-अलग जवानों के पहनावे में भिन्नता के कारण बल की अनुशासित और प्रभावशाली छवि प्रभावित हो रही थी।
इसी को देखते हुए विभाग ने सभी जवानों के लिए निर्धारित वर्दी और साज-सज्जा के नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
झारखंड गृह रक्षक नियमावली 2014 का हवाला
विभाग ने यह आदेश ‘झारखंड गृह रक्षक नियमावली 2014’ की कंडिका 12 के प्रावधानों का हवाला देते हुए जारी किया है। इसका उद्देश्य गृह रक्षकों के पहनावे और टर्न-आउट में अनुशासन एवं एकरूपता सुनिश्चित करना है।
आदेश के अनुसार, विभाग के अधीनस्थ बल के सभी गृह रक्षक कर्तव्य के दौरान तथा कार्यालय आने-जाने के क्रम में अनिवार्य रूप से पूर्ण वर्दी धारण करेंगे।
नियम तोड़ा तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई गृह रक्षक निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं करता है या इस मामले में लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आदेश में सभी संबंधित जवानों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग का उद्देश्य वर्दी में एकरूपता के साथ-साथ होमगार्ड बल में अनुशासन और उसकी प्रभावशाली सार्वजनिक छवि को बनाए रखना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

