7-1 की जीत के साथ जर्मनी ने किया धमाकेदार आगाज, फीफा वर्ल्ड कप में तोड़ा ब्राजील का रिकॉर्ड

Jun 15, 2026 - 16:43
7-1 की जीत के साथ जर्मनी ने किया धमाकेदार आगाज, फीफा वर्ल्ड कप में तोड़ा ब्राजील का रिकॉर्ड

SPORTS DESK : वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी ने अपने पहले ही मैच में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने बाकी टीमों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रुप ई के मुकाबले में जर्मनी ने वर्ल्ड कप में पहली बार खेल रही कुराकाओ की टीम को 7-1 से करारी शिकस्त देकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया।

मैच की शुरुआत से ही जर्मनी पूरी तरह हावी नजर आया। छठे मिनट में फेलिक्स नेमेचा ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि 21वें मिनट में कुराकाओ ने बराबरी का गोल कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन इसके बाद जर्मनी ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया।

निको श्लॉटरबेक ने हेडर के जरिए दूसरा गोल किया, जबकि हाफ टाइम से पहले जर्मनी ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ में तो जर्मन खिलाड़ियों ने गोलों की झड़ी लगा दी। जमाल मुसियाला, नाथानिएल ब्राउन, डेनिज उंडाव और काई हैवर्ट्ज ने गोल कर टीम को 7-1 की विशाल जीत दिलाई।

इस जीत के साथ जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। जर्मनी के नाम अब वर्ल्ड कप में कुल 239 गोल हो गए हैं, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा हैं। इस मामले में उसने ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है, जिसके नाम 238 गोल दर्ज हैं। वहीं अर्जेंटीना 152 गोल के साथ तीसरे स्थान पर है।

जर्मनी की यह जीत सिर्फ तीन अंक हासिल करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसने पूरी दुनिया को यह संदेश दे दिया कि इस बार भी वह खिताब जीतने की सबसे मजबूत दावेदार टीमों में शामिल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0