वैशाली में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, वारदात के बाद परिवार फरार; 5 साल की बेटी ने बताई पूरी घटना
वैशाली: बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने डंडे से पीट-पीटकर अपनी 22 वर्षीय पत्नी आशा देवी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं। घर में मृतका की 5 वर्षीय बेटी अकेली मिली।
वैशाली: बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने डंडे से पीट-पीटकर अपनी 22 वर्षीय पत्नी आशा देवी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं। घर में मृतका की 5 वर्षीय बेटी अकेली मिली।
मृतका की पहचान आशा देवी, पिता गणेश पासवान के रूप में हुई है। उसका मायका राघोपुर के जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वार्ड-12 में है। करीब ढाई साल पहले उसकी शादी मथुरापुर निवासी सुजीत पासवान से हुई थी।
दोनों की थी दूसरी शादी
परिजनों के अनुसार, आशा और सुजीत दोनों की यह दूसरी शादी थी। सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी और उससे उसके दो बच्चे हैं। वहीं, आशा के पहले पति की भी बीमारी से मौत हो चुकी थी और उससे उसकी 5 वर्षीय बेटी अंशिका कुमारी है।
बच्चों को लेकर होता था विवाद
मृतका के पिता गणेश पासवान का आरोप है कि शादी से पहले दोनों पक्षों को एक-दूसरे के पिछले विवाह और बच्चों के बारे में जानकारी थी। इसके बावजूद शादी के बाद बच्चों को लेकर अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आशा की हत्या की गई।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी के करीब छह महीने तक सब ठीक था, लेकिन इसके बाद पति का व्यवहार बदल गया और आशा के साथ मारपीट की जाने लगी। उनका दावा है कि पिछले पांच दिनों से आशा को खाना तक नहीं दिया जा रहा था।
मां के अनुसार, घटना से एक रात पहले करीब 9 बजे आशा ने फोन कर उसे मायके ले जाने की गुहार लगाई थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि उसे वहां से ले जाया जाए, नहीं तो ससुराल वाले उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। परिजनों ने सुबह उसे ले जाने की बात कही थी। इसके बाद सुबह एक ग्रामीण ने फोन कर आशा की मौत की सूचना दी।
5 साल की बेटी ने बताई घटना
मृतका की 5 वर्षीय बेटी अंशिका ने परिजनों को बताया कि रात में खाना खाने के बाद उसके पिता ने डंडे से उसकी मां को पीटा। बच्ची के अनुसार, उस समय दादी घर पर नहीं थीं और दादा भी घर में मौजूद नहीं थे। घटना के बाद घर के लोग वहां से चले गए।
एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। हत्या के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







