गया के भगत यादव गैंग पर EOU का बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार; 73.5 लाख कैश और 67 संपत्तियों के दस्तावेज मिले
पटना: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कुख्यात अपराधी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और अपराध से कमाई गई रकम के कथित धनशोधन के मामले में EOU ने गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा जिले में एक साथ छापेमारी की। 27 नवंबर 2026 को की गई इस कार्रवाई में भगत यादव समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान कुल 73.5 लाख रुपये नकद, जमीन से जुड़े दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी बरामद की गई है।
पटना: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कुख्यात अपराधी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और अपराध से कमाई गई रकम के कथित धनशोधन के मामले में EOU ने गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा जिले में एक साथ छापेमारी की। 27 नवंबर 2026 को की गई इस कार्रवाई में भगत यादव समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान कुल 73.5 लाख रुपये नकद, जमीन से जुड़े दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी बरामद की गई है।
EOU के अनुसार, भगत यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज किया गया है। जांच में उसके खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो, रांची सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट, लोकसेवकों पर हमला और जमीन पर कब्जे जैसे आरोप शामिल हैं।
जांच एजेंसी का दावा है कि भगत यादव ने कथित तौर पर संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर पिछले 15 से 16 वर्षों में अपराध से अर्जित रकम के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति बनाई। उसके और परिवार के सदस्यों के नाम पर 67 संपत्तियों के निबंधन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। इनका कुल निबंधन मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। सरकारी सर्किल रेट के अनुसार इन संपत्तियों का मूल्य इससे कई गुना अधिक होने की बात कही गई है।
जांच में करीब 28 करोड़ रुपये सरकारी मूल्य वाले एक भूखंड को महज 1.5 करोड़ रुपये में निबंधित कराने का मामला भी सामने आया है। इसके अलावा भगत यादव और उसकी फर्म मोनू इंटरप्राइजेज के नाम पर टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, सफारी और हाईवा समेत आठ वाहनों के निबंधन की जानकारी मिली है।
10 ठिकानों पर छापेमारी, 73.5 लाख रुपये नकद बरामद
EOU की विशेष टीम ने 27 नवंबर को कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भगत यादव, आयर्न कुमार, सुनीता कुमारी और रोशन राज उर्फ रोशन कुमार उर्फ धनंजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में अलग-अलग स्थानों से 73.5 लाख रुपये नकद, जमीन निबंधन से संबंधित 106 डीड, जमीन खरीद से जुड़े 51 एकरारनामे, 38 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज और जेवर खरीद की कई रसीदें बरामद की गईं।
भगत यादव के पटना स्थित आवास से 19.50 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े तीन दस्तावेज मिले। वहीं, डोभी स्थित आवास से जमीन के 51 एग्रीमेंट, तीन लाख रुपये नकद और 11 बैंक खातों से संबंधित कागजात बरामद किए गए।
रोशन राज के आवास से 15 निबंधन दस्तावेज, आठ बैंक खातों के कागजात, एलआईसी के पांच दस्तावेज और जेवर खरीद की करीब दो दर्जन रसीदें मिलीं। दूसरी ओर, औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित सुधीर पांडेय के आवास से 51 लाख रुपये नकद और जमीन निबंधन के 28 दस्तावेज बरामद किए गए। झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज स्थित ठिकानों से भी जमीन और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
51 पन्नों की गोपनीय डायरी ने बढ़ाई जांच की अहमियत
इस पूरी कार्रवाई में भगत यादव के करीबी सुरेंद्र यादव के आवास से 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी भी बरामद की गई है। EOU के अनुसार, डायरी में कई पदाधिकारियों के साथ कथित वित्तीय लेनदेन का उल्लेख है। फिलहाल जांच एजेंसी डायरी में दर्ज तथ्यों का सत्यापन करेगी। इसके बाद संबंधित पहलुओं पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
EOU का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य संगठित आपराधिक गिरोह के आर्थिक नेटवर्क का पता लगाना और अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्ती की कार्रवाई करना है। छापेमारी में गया, पटना और औरंगाबाद जिला पुलिस के साथ झारखंड के चतरा जिला पुलिस ने भी सहयोग किया।
फिलहाल, बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद भगत यादव से जुड़े कथित आर्थिक नेटवर्क और संपत्ति के स्रोतों को लेकर जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0






