महिला कांग्रेस का 21 जुलाई को 'संसद चलो' आंदोलन, महिला आरक्षण लागू करने की करेंगे मांग

Jul 14, 2026 - 18:14
महिला कांग्रेस का 21 जुलाई को 'संसद चलो' आंदोलन, महिला आरक्षण लागू करने की करेंगे मांग

RANCHI : महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता संसद भवन का घेराव करेंगे. 21 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित इस आंदोलन में झारखंड सहित देश भर से महिला कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस आंदोलन को महिला कांग्रेस ने 'संसद चलो' नाम दिया है, जिसके माध्यम से केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण लागू करने का दबाव डाला जाएगा.

यह आंदोलन आक्रामक होगा: सह प्रभारी

झारखंड से दिल्ली जाने की हो रही तैयारी की जानकारी देते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस की सह प्रभारी सुधा प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन आक्रामक होगा और केंद्र सरकार को महिला आरक्षण लागू करना होगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक यह लागू नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि कभी-कभी आंदोलन के क्रम में अनुशासन तोड़ना भी पड़ता है क्योंकि अब बहुत हद हो गई है. अनुशासन में रहते हुए हम लोगों ने काफी आंदोलन किया है, इसके बावजूद मोदी सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है.

21 जुलाई को संसद चलो कार्यक्रम के तहत झारखंड के हर जिले से महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली जाने की तैयारी में हैं. प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने बताया कि इस आंदोलन में हजारों की संख्या में महिलाएं भाग लेंगी. झारखंड के हर जिले से महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता इसमें भाग लेने के लिए उत्साहित हैं. दिल्ली जाने के लिए ट्रेनों में टिकट भी ले लिया है.

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बार-बार झूठ बोलने का काम कर रही है और कांग्रेस पर महिला आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगा रही है. ऐसे में महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाले नहीं हैं. 2023 में महिला आरक्षण बिल संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ था लेकिन परिसीमन की आड़ में इसे लटकाने के लिए यह सोची समझी साजिश की गई और इसका दोषारोपण कांग्रेस पर मढ़ने की कोशिश की गई.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0