कटिहार में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिस्टल-कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद; 3 गिरफ्तार

कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी में पिस्टल, अर्द्धनिर्मित हथियार, मैगजीन, 6 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए। पुलिस अब इस अवैध हथियार नेटवर्क और इसकी सप्लाई से जुड़े लोगों की जांच कर रही है।

Sep 11, 2026 - 10:40
Sep 11, 2026 - 10:41
कटिहार में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिस्टल-कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद; 3 गिरफ्तार

कटिहार:- जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक ठिकाने का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से पिस्टल, बैरल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।

एसडीपीओ विशाल आनंद के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सतबेहरी चांदपुर बहियार में महंत बाबा स्थान के पास केला के खेत की आड़ में बनी झोपड़ी में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर वहां छापेमारी की गई।

पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रफीक आलम, मो. फिरोज और मो. बजीर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, एक बैरल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा दो अर्द्धनिर्मित मैगजीन, गैस कटिंग मशीन, ड्रिल मशीन और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे।

पुलिस को हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार निर्माण के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी।

एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0