उपायुक्त ने पिठोरिया स्थित टीकाकरण केन्द्र का लिया जायजा, वैक्सीनेशन के लिए लोगों को किया प्रेरित

Jun 9, 2024 - 12:32
उपायुक्त ने पिठोरिया स्थित टीकाकरण केन्द्र का लिया जायजा, वैक्सीनेशन के लिए लोगों को किया प्रेरित

रांची। वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण के प्रति जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को निरंतर जागरुक किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों द्वारा सप्ताहांत भ्रमण कर टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। उपायुक्त छवि रंजन स्वयं विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर लोगों को जागरुक करने में जुटे हैं। इस क्रम में उपायुक्त ने बुधवार को कांके प्रखंड स्थित पिठोरिया में टीकाकरण एवं जांच केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरुक भी किया। विदित हो कि कांके प्रखंड के राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय,पिठोरिया में कोविड-19 टीकाकरण और जांच केन्द्र बनाया गया है। उपायुक्त ने यहां की व्यवस्था का जायजा लिया। टीकाकरण केन्द्र में प्रतिनियुक्त वैक्सीनेटर को उन्होंने आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। उपायुक्त ने कोविड जांच केन्द्र में भी निरीक्षण के क्रम में वहां मौजूद कर्मियों को कहा कि सावधानी के साथ दिशा निर्देशों का अनुपालन करते हुए लोगों की जांच करें। संक्रमण से सब सुरक्षित रहें इस बात का विशेष ध्यान रखें।
टीकाकरण केन्द्र पर उपायुक्त ने ग्रामीणों से बातचीत भी की। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों के मन में टीकाकरण को लेकर भ्रांतियां है। जिसपर उपायुक्त ने बताया कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है, इसका स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने लोगों को बताया कि मैंने खुद टीका लिया है और पूरी तरह से स्वस्थ हूं। उपायुक्त छवि रंजन ने टीका लेने आये लोगों से कहा कि आप अपने आस पास के लोगों को भी टीकाकरण के प्रति जागरुक करें, सुरक्षित समाज के प्रति ये आपकी भी जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ जारी जंग में सामूहिक सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0