निशा भगत की मौत का मामला पहुंचा राष्ट्रीय स्तर पर, महिला आयोग ने 7 दिन में मांगी रिपोर्ट, जनजातीय आयोग भी करेगा जांच

रांची। आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग सक्रिय हो गए हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए झारखंड के संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है। वहीं, जनजातीय आयोग ने भी घटना की परिस्थितियों और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी लेने की तैयारी की है।

Nov 9, 2026 - 17:18

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, गहन और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आयोग ने यह भी पूछा है कि निशा भगत की ओर से पहले की गई शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन ने क्या कार्रवाई की थी।

आयोग ने फेसबुक लाइव की रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया है। साथ ही कहा है कि जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या कर्तव्य में कोताही सामने आती है, तो उसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। आयोग ने निशा भगत के परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी बात कही है।

जनजातीय आयोग भी लेगा पूरे मामले की जानकारी

इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने भी गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा है कि आयोग झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर घटना से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगेगा। आयोग यह जानने का प्रयास करेगा कि निशा भगत की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों ने क्या कदम उठाए थे।

डॉ. आशा लकड़ा के अनुसार, आदिवासी समाज की सुरक्षा, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी तथ्यों की जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फेसबुक लाइव के बाद चर्चा में आया था मामला

गौरतलब है कि निशा भगत की 6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान कथित प्रताड़ना, ऑनलाइन ट्रोलिंग और पुलिस-प्रशासन से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया था। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों ने कई सवाल खड़े किए हैं, जिनकी जांच की जानी है।

वहीं, निशा भगत के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच डीएसपी अमर कुमार पांडेय को सौंपी गई है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

अब पुलिस जांच और आयोगों की रिपोर्ट पर नजर

निशा भगत की मौत के मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग की सात दिनों की समयसीमा और जनजातीय आयोग की पहल महत्वपूर्ण हो गई है। एक तरफ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं दूसरी तरफ दोनों राष्ट्रीय आयोगों की सक्रियता से प्रशासन पर भी जवाबदेही सुनिश्चित करने का दबाव बढ़ा है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित अधिकारियों की ओर से आयोगों को क्या रिपोर्ट सौंपी जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0