धनवार बैंक डकैती में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 करोड़ के सोने और नकदी लूटकांड में तीन गिरफ्तार, हथियार और गाड़ियां जब्त
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार चौक स्थित यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं।
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार चौक स्थित यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते 5 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 11.50 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
CCTV फुटेज और नाकेबंदी से मिली सफलता
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमों ने बैंक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को अपराधियों के भागने के रास्ते की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, जमुआ के बरदबटिया गांव के पास अपराधियों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके बाद अपराधी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान देवघर निवासी मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया।
मो. रिजवान से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुलतान अली उर्फ रॉकी और आयुष पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह अब तक इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
हथियार और वाहन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो और दो अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
बाकी अपराधियों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि इस डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने तथा नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसके लिए तीन अतिरिक्त विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







