बक्सर पहुंची CM नीतीश की समृद्धि यात्रा, 592 करोड़ रुपये की योजनाओं की दी सौगात, सरकार की उपलब्धियों का किया बखान
बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का अंदाज काफी आक्रामक दिखा। उन्होंने साल 2005 से पहले की खस्ताहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर था, जब बिहार में अंधेरगर्दी का आलम था।
BUXAR : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आज बक्सर पहुंची, जहां उन्होंने ऐतिहासिक किला मैदान में 592 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और जनसंवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और साल 2005 से पहले वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा।
बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का अंदाज काफी आक्रामक दिखा। उन्होंने साल 2005 से पहले की खस्ताहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि एक दौर था, जब बिहार में अंधेरगर्दी का आलम था। शाम ढलते ही लोग खौफ के मारे घरों में दुबक जाते थे लेकिन आज बिहार में कानून का राज है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार ने न केवल अमन-चैन कायम किया बल्कि समाज के हर तबके के लिए इंसाफ सुनिश्चित किया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य को अपनी सरकार की जागीर नहीं बल्कि जनता का हक बताया। उन्होंने साइकिल योजना और पोशाक योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन कदमों ने बेटियों की तकदीर बदल दी है। रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में 1 करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है ताकि बिहार का युवा अपने ही प्रदेश में इज्जत की रोटी कमा सके।
करीब 44 मिनट के अपने भाषण में नीतीश कुमार ने सात निश्चय के अगले चरण का खाका पेश किया और विरोधियों को यह संदेश दिया कि बिहार की अवाम के लिए विकास का यह काफिला अब रुकने वाला नहीं है।
इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सड़कों का जाल बिछाना और अंधेरे में डूबे बिहार को रोशन करना एनडीए सरकार का सबसे बड़ा काम है। सम्राट चौधरी ने बताया कि सड़क नेटवर्क 6 हजार से बढ़कर 1.40 लाख किलोमीटर तक पहुंच गया है, जो राज्य की तरक्की की नई इबारत लिख रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











