West Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान कल, झारखण्ड का सीमावर्ती इलाका सील, चेकपोस्ट पर बढ़ी सख्ती 

मतदान से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। खासकर झारखंड के साहिबगंज जिले से सटे बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।

Apr 22, 2026 - 17:36
West Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान कल, झारखण्ड का सीमावर्ती इलाका सील, चेकपोस्ट पर बढ़ी सख्ती 

NEWS DESK : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है। मतदान से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। खासकर झारखंड के साहिबगंज जिले से सटे बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।

जिला प्रशासन ने बरहरवा और कोटालपोखर थाना क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, अवैध गतिविधि या बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके।

चेकपोस्टों पर सघन निगरानी

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लाधोपाड़ा, बरारी, जीवनपुर और रहिमटाड़ जैसे महत्वपूर्ण चेकपोस्टों का जायजा लिया और तैनात जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

हर वाहन और व्यक्ति की जांच अनिवार्य

निरीक्षण के दौरान पुलिस ने साफ किया कि हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ ही अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे अलर्ट पर पुलिस बल

एसडीपीओ ने जवानों को 24 घंटे सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीमावर्ती जंगलों और संवेदनशील मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

निष्पक्ष मतदान के लिए समन्वय

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए झारखंड पुलिस पड़ोसी राज्य के प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0