CM नीतीश के खासमखास रहे केसी त्यागी ने की नई सियासी पारी का आगाज, बेटे के साथ थामा RLD का दामन
केसी त्यागी ने अपने बेटे अंबरीष त्यागी के साथ राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम लिया है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
NEWS DESK : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खासमखास और जेडीयू के पूर्व नेता केसी त्यागी ने रविवार को अपनी नई सियासी पारी का आगाज किया है। केसी त्यागी ने अपने बेटे अंबरीष त्यागी के साथ राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम लिया है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बेटे के साथ थामा RLD का दामन
इस मौके पर जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी जैसे अनुभवी नेता के जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी, वहीं अंबरीष त्यागी के आने से युवाओं के बीच संगठन की पकड़ और मजबूत होगी। केसी त्यागी लंबे समय से भारतीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्हें जेडीयू का प्रमुख चेहरा माना जाता रहा है। वे राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं और संसद के उच्च सदन में उन्होंने पार्टी का प्रभावी पक्ष रखा। इसके अलावा वे विभिन्न संसदीय समितियों में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। संगठन और रणनीति के स्तर पर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है, यही वजह है कि वे जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे। वहीं, 1989 से 1991 तक हापुड़ संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य रहे। इसके अतिरिक्त 2013 में वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।
अंबरीष त्यागी का राजनीतिक सफर
केसी त्यागी के बेटे अंबरीष त्यागी भी पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बना रहे हैं। वे संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहे हैं और युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास करते रहे हैं। अब रालोद में शामिल होने के बाद उनसे पार्टी के युवा आधार को विस्तार देने की उम्मीद जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











