CM नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया जिले को दी 485 करोड़ रुपये की सौगात, 92 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के तहत मुख्यमंत्री ने स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित 2 लेन पथ तथा लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक पथ के मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया।

Mar 12, 2026 - 15:47
 0
CM नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया जिले को दी 485 करोड़ रुपये की सौगात, 92 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

पटना, 12 मार्च 2026 : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्णिया स्थित मां पूरण देवी मंदिर परिसर का भ्रमण कर कराए जा रहे सौंदर्याकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के तहत मुख्यमंत्री ने स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित 2 लेन पथ तथा लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक पथ के मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। 

मुख्यमंत्री ने पूर्णिया जिला अंतर्गत भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज भाया पूर्णिया श्रीनगर पथ तक आर०ओ०बी० सहित बाईपास पथ निर्माण कार्य एवं 2-लेन पेव्ड शोल्डर सहित एस०एच०-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मां पूरण देवी मंदिर प्रांगण स्थित पोखर का कराए गए जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण कार्य का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। 

स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बिहार बाल भवन किलकारी द्वारा मंदिर परिसर में लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें कटरा प्रखंड में कारीकोशी नदी पर बांध सह सड़क निर्माण कार्य, अंतर्राज्यीय बस टर्मीनल का निर्माण कार्य, रंग भूमि मैदान, पूर्णिया में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (मल्टी पर्पस हॉल) का निर्माण कार्य, धमदाहा से पूर्णिया एस०एच०-65 का फोर लेन एवं पूर्णिया एयरपोर्ट से सीधा संपर्क, भूतहा बाईपास पथ का निर्माण कार्य, काझाकोठी परिसर तक स्टेट हाईवे-65 से सीधा संपर्क, सड़क का निर्माण एवं मिथिला हाट की तर्ज पर पर्यटकीय सुविधाओं का विकास, पूर्णिया जिला के अमौर, कस्बा, कृत्यानंद नगर, धमदाहा, पूर्णिया, बनमनखी, रुपौली, बायसी, बैसा एवं बड़हाराकोठी के जर्जर एवं गैर मरम्मती योग्य कार्यालय भवन के लिए नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण आदि शामिल है।

विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मां पूरण देवी मंदिर परिसर का सौंदर्गीकरण एवं विकास कार्य बेहतर ढंग से कराएं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी कार्य सुनिश्चित कराएं। सभी विकास योजनाओं को समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। इन कामों को पूरा हो जाने से लोगों को काफी फायदा होगा।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय संसाधन तथा प्रशिक्षण केंद्र, पूर्णिया में नवनिर्मित डेयरी, मत्स्य, पशु संसाधन विभाग अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालकों से संवाद किया। पशुपालकों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपके द्वारा कराए गए विकास कार्यों से हम सभी किसान पशुपालकों को न सिर्फ काफी फायदा मिल रहा है बल्कि मक्का, मखाना, मछली आदि के उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। हम सभी आपके प्रति आभार प्रकट करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए सभी जरूरी कार्य कर रही है। कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही है ताकि बिहार के किसान पशुपालक आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकें। आप सभी पूरे बुलंदी से काम करिए। सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाभी, 13082 जीविका स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन के तहत 261 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का सांकेतिक चेक आदि लाभुकों को प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने पूर्णिया जिला अंतर्गत 485 करोड़ रुपये की लागत से 92 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 164 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का उद्घाटन तथा 321 करोड़ रुपये की लागत से 8 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, ग्रामीण विकास, परिवहन एवं पूर्णिया जिला के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार, विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, विधायक विजय कुमार खेमका, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अंशुल कुमार, पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0