दिवाली और छठ पूजा पर अग्नि सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें आम नागरिक व दुकानदार : ज्योति प्रकाश
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने की अपील, छोटी-सी सावधानी से टल सकती है बड़ी दुर्घटना; आग लगने पर 101 या 112 पर करें डायल
गयाजी। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से गया जिला अग्निशमन पदाधिकारी ज्योति प्रकाश ने आम नागरिकों और दुकानदारों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी आगजनी जैसी गंभीर घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में सभी लोग अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि दीपावली के अवसर पर पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। पटाखे जलाते समय बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा ज्वलनशील पदार्थों, गैस सिलेंडर और बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें। दीये एवं मोमबत्तियां पर्दों, कपड़ों तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें। खराब तारों, टूटे प्लग और असुरक्षित सजावटी लाइटों का इस्तेमाल न करें। घरों और दुकानों में पानी, बालू तथा अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखें। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि दुकानों में ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित भंडारण करें और बिजली के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। दुकानों तथा प्रतिष्ठानों में आने-जाने के रास्ते और निकास द्वार खाली रखें, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। वहीं, छठ पूजा के दौरान घाटों पर दीपक सुरक्षित स्थान पर रखने, खुले बिजली के तारों से दूर रहने तथा प्रवेश और निकास मार्ग को बाधामुक्त रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग के निर्देशों का पालन कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। ज्योति प्रकाश ने कहा कि आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से त्योहारों को सुरक्षित बनाया जा सकता है। आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, सुरक्षित स्थान पर जाएं और तत्काल अग्निशमन सेवा के आपातकालीन नंबर 101 या 112 पर सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





