जीबीएम कॉलेज में एफडीडीआई पटना द्वारा करियर गाइडेंस एवं कोर्स अवेयरनेस प्रोग्राम का हुआ आयोजन
गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), पटना के सहयोग से करियर गाइडेंस एवं कोर्स अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
गयाजी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), पटना के सहयोग से करियर गाइडेंस एवं कोर्स अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के वाणिज्य विभाग, अर्थशास्त्र विभाग, एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को डिजाइनिंग के क्षेत्र में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एफडीडीआई, पटना के असिस्टेंट मैनेजर श्री तबरेज इमाम तथा जी.बी.एम. कॉलेज के वाणिज्य विषय के अतिथि सहायक प्राध्यापक श्री आर.के. सिंह उपस्थित थे। दोनों वक्ताओं ने छात्राओं को एफडीडीआई में संचालित चार वर्षीय स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों एवं दो वर्षीय एमबीए पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। एफडीडीआई के असिस्टेंट मैनेजर श्री तबरेज़ इमाम ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, कैंपस लाइफ एवं विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फुटवियर, फैशन एवं डिजाइनिंग से जुड़े पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल विकसित करने तथा रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्राओं को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ नए एवं उभरते क्षेत्रों में भी संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया। वहीं, श्री आर.के. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजाइनिंग का क्षेत्र युवाओं के लिए नई संभावनाओं से भरा हुआ है। इस क्षेत्र में रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक समझ के माध्यम से बेहतर करियर बनाया जा सकता है। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा पटेल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज करियर के विकल्प केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं हैं। डिजाइनिंग सहित अनेक व्यावसायिक एवं कौशल-आधारित पाठ्यक्रम युवाओं को करियर में नई ऊंचाइयां हासिल करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि, क्षमता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप करियर का चयन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समन्वयन अर्थशास्त्र विभाग की वरीय सहायक प्राध्यापिका डॉ. नगमा शादाब तथा अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं प्लेसमेंट सेल की समन्वयक डॉ. वीणा कुमारी जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजाइनिंग के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर डॉ. पूजा राय, डॉ. जया चौधरी, डॉ. अमृता कुमारी घोष, डॉ. कीर्ति सिंह आनंद, डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. प्रियंका पांडेय, डॉ. सीमा कुमारी, श्रीमती वनिता कुमारी एवं डॉ. दीपिका, डॉ. सपना पांडेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस आयोजन ने छात्राओं को डिजाइनिंग एवं कौशल-आधारित शिक्षा के माध्यम से करियर के नए अवसरों को समझने तथा भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





