सेवा दिवस पर पूर्व सैनिकों का सम्मान, राष्ट्रसेवा के जज्बे को किया सलाम

भाजपा किसान मोर्चा कार्यालय में आयोजित समारोह में अंगवस्त्र, गुलाब, कलम व डायरी भेंट कर वीर पूर्व सैनिकों का किया अभिनंदन

Oct 8, 2026 - 16:24
सेवा दिवस पर पूर्व सैनिकों का सम्मान, राष्ट्रसेवा के जज्बे को किया सलाम

गयाजी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सेवा दिवस के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा कार्यालय में देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत माता की रक्षा के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समर्पित करने वाले पूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया। इस अवसर पर अजीत शर्मा, विजय यादव, रंजीत कुमार, दीपू कुमार, राम बच्चन यादव, मंटू कुमार, विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य पूर्व सैनिकों को भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने अंगवस्त्र, गुलाब का फूल, कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम में संतोष ठाकुर, बबलू गुप्ता, कुंदन सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि देश की सीमाओं पर रहकर भारत माता की रक्षा और सेवा करने वाले वीर सैनिकों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है और सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज एवं राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज मेरे लिए यह सौभाग्य का विषय है कि भारत माता के उन वीर सपूतों को सम्मानित करने का अवसर मिला, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” सम्मान पाकर पूर्व सैनिकों ने कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने भी पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद किया। सेवा दिवस पर आयोजित यह समारोह राष्ट्रसेवा, कर्तव्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला संदेश देता नजर आया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0