असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, IAF के 5 जवान शहीद, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

Jun 13, 2026 - 16:56
असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, IAF के 5 जवान शहीद, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

NEWS DESK : असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायुसेना का एक AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच कर्मी शहीद हो गए, जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जीवित बच गया है और उनका इलाज चल रहा है.

भारतीय वायु सेना ने इस हादसे को लेकर बयान जारी करते हुए कहा है कि ‘असम के जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटना में अपने पांच कर्मियों के खोने का गहरा दुख है. स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया. भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में मजबूती से उनके साथ खड़ी है.’

भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार AN-32 परिवहन विमान अरुणाचल प्रदेश से जोरहाट लौट रहा था. इसी दौरान लैंडिंग के समय विमान हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटना एयरबेस परिसर के भीतर ही हुई, जिसके बाद विमान में आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान एयरबेस पर उतर रहा था, तभी यह क्रैश हो गया. हादसे की वजह से एयरफोर्स का विमान दो टुकड़ों में टूट गया और वहां से आग और धुएं का गुबार उठता दिखा. विमान में सवार कर्मियों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

हादसे के तुरंत बाद एयरबेस की आपातकालीन और फायरफाइटिंग टीमें मौके पर पहुंच गईं. हालांकि बचाव अभियान शुरू होते ही सह-पायलट को जीवित निकाल लिया गया, लेकिन विमान में सवार पांच अन्य वायुसेना कर्मियों को बचाया नहीं जा सका.

हादसे के बाद भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (Court of Inquiry) के आदेश दे दिए हैं. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या किसी अन्य वजह से हुआ.

रौरिया एयरफोर्स स्टेशन भारतीय वायुसेना के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यह पूर्वोत्तर भारत में वायुसेना के प्रमुख ठिकानों में शामिल है और असम समेत पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सैन्य अभियानों तथा लॉजिस्टिक सपोर्ट में अहम भूमिका निभाता है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0